
प्रकृति स्वयं करती है टपकेश्वर महादेव का जलाभिषेक, हजारों श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का अभिषेक व दर्शन
रेहटी, मुकेश मेहता
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर रेहटी क्षेत्र शिवमय हो गया। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रुद्रधाम टपकेश्वर महादेव में देखने को मिली। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर रमणीय पहाड़ियों के बीच स्थित यह प्राचीन शिवधाम अपनी अनूठी विशेषता के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां पहाड़ों के भीतर से प्राकृतिक जलधारा निरंतर शिवलिंग पर गिरती रहती है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रकृति स्वयं भगवान भोलेनाथ का अखंड जलाभिषेक कर रही हो। यही दिव्य दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर दूर-दराज़ के गांवों और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु रुद्रधाम टपकेश्वर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-शांति और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की।
दिनभर मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। प्रशासन एवं मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर उमड़ी भक्तों की भीड़ ने पूरे रेहटी क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, रेहटी के मंदिरों से लेकर रुद्रधाम टपकेश्वर तक गूंजा ‘हर-हर महादेव’
दुर्गम जंगल और 5 किलोमीटर ट्रक्टर से सफर तय कर अमराझिरी आश्रम पहुंचे निराहारी संत दादा गुरु, अमरानंद जी त्यागी जी गुरुजी से की भेंट
अमराझिरी आश्रम में उमड़ा गुरु भक्ति का सैलाब, श्री श्री 108 अमरानंद जी त्यागी जी गुरुजी के दर्शन को हजारों श्रद्धालु पहुंचे
एमपी सरकार का बड़ा निर्णय, 25 की जगह 60% किया जाएगा मूंग का उपार्जन, स्लॉट बुकिंग अब 10 अगस्त तक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा 29 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम