August 3, 2026

सीहोर को मिले नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने संभाला पदभार, नशा मुक्ति अभियान को लेकर पहले से बना चुके हैं अलग पहचान

0
IMG-20260722-WA0061

मुकेश मेहता

सीहोर, 22 जुलाई। सीहोर जिले को नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में अनुभवी पुलिस अधिकारी डॉ. प्रशांत चौबे मिले हैं। उन्होंने बुधवार को जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के स्थानांतरण के बाद यह जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. प्रशांत चौबे ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा तथा पुलिस की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें जिले की वर्तमान परिस्थितियों एवं प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. प्रशांत चौबे का स्थानांतरण विदिशा से सीहोर किया गया है। विदिशा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। हाल ही में नशे के खिलाफ जनजागरूकता के उद्देश्य से उनकी ‘नशेड़ी’ ‘की भूमिका में बनाई गई एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही। इस रचनात्मक पहल को लोगों ने खूब सराहा और इसे नशा मुक्ति अभियान का प्रभावी संदेश माना।

सीहोर जिले से डॉ. चौबे का पुराना जुड़ाव भी रहा है। इससे पहले वे बुधनी में एसडीओपी के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया। उन्होंने अनेक गांवों में नुक्कड़ नाटकों, जनसंवाद कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उनके इन प्रयासों को स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली थी।

डॉ. प्रशांत चौबे के सीहोर में पदभार संभालने से जिले की पुलिस व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आमजन को भी विश्वास है कि उनके अनुभव, संवेदनशील कार्यशैली और जनजागरूकता आधारित पुलिसिंग का लाभ जिले को मिलेगा तथा कानून-व्यवस्था और नशा मुक्ति जैसे अभियानों को नई गति प्राप्त होगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!