दंगल प्रतियोगिता में-पलक झपकते ही पहलवानों ने प्रतिद्वंदी को चटाई धूल
सीहोर। राष्ट्रीय खेल दिवस महोत्सव के अंतर्गत शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र में इन दिनों विभिन्न खेलों का आयोजन श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को खेल परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस मौके पर यहां पर मौजूद केन्द्र के संचालक राहुल सिंह, प्रभारी नटवर कुशवाहा सहित अन्य खेल प्रेमियों ने यहां पर मौजूद पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। यहां पर जारी दंगल में पहलवानों ने अपने विरोधी को पलक झपकते ही धूल चटा दी। देखने वालों ने दंगल का जमकर लुत्फ लिया।
इस संबंध में केन्द्र के संचालक श्री सिंह ने बताया कि शहर सहित आस-पास के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देने के लिए विगत कई माह से केन्द्र और श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के तत्वाधान में खेल गतिविधियों का संचालन खेल परिसर में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गुरुवार की दोपहर में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें एक दर्जन से अधिक हितग्राहियों ने अपने दाव-पेंच दिखाए। इसके अलावा शुक्रवार को बाक्सिंग और अन्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इस तरह की खेल प्रतियोगिता से शरीर के स्वस्थ होने की औषधि खेल ही है। यह मन और शरीर को शीघ्र ही तनाव मुक्त करता है। खेल के बिना जीवन अधूरा है। इस प्रकार के खेल आयोजन से खिलाडियों को ऊर्जा मिलती है। जिसके कारण पिछले कई दिनों से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हितग्राहियों और क्षेत्र के खिलाड़ियों की भागीदारी हो रही है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को सबसे रोमांचक कुश्ती दिनेश चंद्रवंशी और मोहम्मद आदिब सईद के मध्य हुई जिसमें दिनेश ने फुर्ती के साथ पलक झपकते ही धूल चटा दी। इसके अलावा अन्य मुकाबले में सुरज शर्मा और कमल वर्मा के मध्य कुश्ती में सुरज शर्मा ने जीत हासिल की। वहीं सौरभ चौधरी ने कृष्णकांत खिची को हराया। जूनियर वर्ग में यामिन राठौर और संतोष यादव के मध्य भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, करीब तीन मिनट तक चले इस कुश्ती में यामिन राठौर ने जीत हासिल की। एक अन्य मुकाबला खेलन सिंह ठाकुर और सचिन चौकसे के मध्य हुआ। इस कुश्ती में खेलन सिंह ठाकुर विजय रहे। अंत में यहां पर मौजूद दंगल के आयोजकों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरण कर उत्साहवर्धन किया। शुक्रवार को क्रिकेट और बाक्सिंग के मुकाबले खेले जाऐंगे।

