नवरात्रि में सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम के कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर ने स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

शारदीय नवरात्रि पर सलकनपुर देवी धाम व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक
नवरात्री में विजयासन देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सलकनपुर आगमन होता है। मां विजयासन धाम सलकनपुर में 26 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले शारदीय नवरात्री पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने संबंध में सलकनपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक मे कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने सलकनपुर में बेहतर व्यवस्थाएं समय पूर्व करने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो और सुविधाजनक ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें। बैठक में सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कलेक्टर ठाकुर ने पार्किंग, जल, साफ-सफाई, पर्याप्त बिजली व्यवस्था के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख स्थानो पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, कंडम वाहन और गैस से चलने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ हेल्थ कैंप लगाने के लिए भी कहा। कलेक्टर श्री ठाकुर ने बाहर से आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन तथा निर्गम की उत्कृष्ट व्यवस्था के साथ ही पर्याप्त संख्या में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड़युटी लगाने तथा वालेंटियर्स से सहयोग लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ठाकुर, एस पी श्री मयंक अवस्थी तथा श्री महेश उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया।
पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था
नवरात्र में पेयजल के लिए पीने के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। चलित शौचालय भी स्थापित किए जाएंगे। सीढ़ी मार्ग पर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

मंदिर परिसर में हेल्थ कैंप
नवरात्र में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में हेल्थ कैंप लगाया जाएगा। हेल्थ कैम्प में आवश्यक दवाएं तथा एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा के लिए डॉक्टर सहित पूरी टीम उपलब्ध रहेंगी।
नर्मदा आंवली घाट का निरीक्षण
कलेक्टर ठाकुर तथा एसपी मयंकअवस्थी ने आवंली घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान आंवलीघाट में जिला सेनानी, होमगार्ड, वोटर बोर्ड लगाना, आंवलीघाट पार्किंग स्थल, गोताखोर एवं पुलिस जवान तैनात करने तथा बेरीकेड लगाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि पितृमोक्ष और भूतडी अमावस्या पर बड़ी संख्या में स्नान के लिए आसपास से लोग आते हैं तथा यहां मेला भी लगता है।
स्वच्छता की अपील
कलेक्टर श्री ठाकुर ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और सलकनपुर देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाये रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि कचरा निर्धारित स्थल पर लगे डस्टबिन में ही डालें। साथ ही श्री ठाकुर ने सलकनपुर में आने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वो व्यवस्था को बनाने के लिए सलकनपुर ट्रस्ट एवं जिला प्रशासन द्वारा दिए गये निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बैठक में यह थे उपस्थित
पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र पटेल, ट्रस्ट के सदस्य अरविन्द दुबे, रामगोपाल टेलर, रिखीराम यादव, प्रेमनारायाण, आशाराम यादव, एसडीएम राधेश्याम बघेल, एसडीओपी शशांक गुजर, तहसीदार श्री आशुतोष शर्मा, श्री जयपाल सिंह उइके, सीईओ देवे सराठे सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।