आज निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा, किया जाएगा कथा का समापनसभी के भाग्य में नहीं होता है भागवत कथा का सच्चा श्रवण-भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा
सीहोर। अपने मन में यह विचार कभी नहीं लाएं कि हमारे साथ वाला कथा श्रवण करने नहीं जाए तो हम भी नहीं जाएं। यह तो उसके भाग्य की बात है कि इस मनुष्य जीवन को पाने के पश्चात भी भगवान की सच्ची भक्ति रूपी श्रीमद् भागवत कथा का सच्चा श्रवण नहीं कर सकता है। जहां पर भी भगवान का कीर्तन और सत्संग हो वहां पर हमें सच्चे मन से जाना चाहिए और अच्छी बाते ग्रहण करना चाहिए। मानव जीवन हमें इसलिए ही मिला है। उक्त विचार शहर के बड़ा बाजार स्थित धर्मशाला में अग्रवाल महिला मंडल के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय भागवत कथा के छठवें दिवस भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहे। उन्होंने कथा के दौरान गोवर्धन पूजन और भगवान श्री कृष्ण-माता रुकमणी के विवाह का विस्तार से वर्णन किया।
शुक्रवार को भागवत भूषण पंडित श्री मिश्रा ने कहा कि पूत सपूत तो का धन संचय…पुत्र यदि संस्कारी और गुणवान हो तो धन इक_ा करने से क्या लाभ, वह स्वयं ही सक्षम है अपना और परिवार का बोझ उठाने में। पुत्र यदि संस्कार रहित है तो आपने जो भी जमा किया है सब गंवा देगा, अपने गलत कार्य में इसलिए माता-पिता दोनों की जबावदारी है कि अपने पुत्र को संस्कारवान बनाए। उन्होंने कहा कि संतों ने कहा है कि यह मनुष्य जीवन कई लाख योनियों को पार करने के पश्चात मिलता है। यह एक बार निकल गया तो फिर नहीं आने वाला। इस मनुष्य जीवन में भगवान श्रीकृष्णरूपी सच्ची भक्ति सिखाने वाली व सत्य मार्ग बताने वाली भागवत कथा का सच्चा श्रवण कर ही इस मनुष्य जीवन में भगवान को प्राप्त किया जा सकता है।
पति को स्लो पाइजन मत, घर आए तो उसको मुस्कान दो
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पति का कार्य है कि वह गृहस्थी की जिम्मेदारी का निवर्हन करे। वहीं पत्नी की अपनी जबावदारी होती है, जब भी पति घर में आए तो मुस्कान देकर उसका स्वागत होना चाहिए। पति के घर आते ही उसको इधर-उधर की बात का स्लो पाइजन नहीं देना चाहिए। इससे गृहस्थ रूपी गाड़ी का बैलेंस बिगड़ जाता है।
आज चार बजे निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा
इस संबंध में जानकारी देते हुए अध्यक्ष श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने बताया कि लगातार 24 सालों से शहर के बड़ा बाजार में अग्रवाल धर्मशाला में महिला मंडल के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय भागवत कथा दोपहर दो बजे से चार बजे तक जारी रहेगी और उसके बाद शाम को चार बजे शोभा यात्रा निकाली जाएगी जो शहर के चरखा लाइन और बड़ा बाजार और खजांची लाइन आदि से निकाली जाएगी।
