August 3, 2026

नागरिकों को सुलभ, सस्ता और जल्द न्याय उपलब्ध कराने के लिए न्यायालय काम कर रहे हैं- प्रधान जिला न्यायाधीश श्री चंद

0
img_8230

ऐसे समाज का निर्माण करें जिसमें कोई विवाद ही न हो- कलेक्टर सिंह

ग्राम निपानिया में ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ

सीहोर तहसील के ग्राम निपानियां में सुप्रीम कोर्ट की कमेटी द्वारा ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायधीश श्री आरएन चंद तथा कलेक्टर प्रवीण सिंह द्वारा किया गया।

सेवा केंद्र के शुभारंभ अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री आरएन चंद ने कहा कि वर्तमान युग डिजिटल युग है। ई-सेवाओं के जरिए काम में गति आई है। ई-सेवाओं के जरिए समय, श्रम और पैसे की बचत होगी। उन्होंने कहा कि लोगों को कैसे सुलभ और सस्ता न्याय उपलब्ध कराया जाए, इस दिशा में ई-सेवा के अलावा अन्य माध्यमों से भी न्यायालय और सरकारें काम कर रही हैं। ताकि लोगों को न्याय या सरकारी सुविधा या सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में किसी तरह की कोई बाधा न हो। उन्हें बताया कि सभी जिलों में ई-कोर्ट स्थापित की जाएंगी।

प्रधान जिला न्यायाधीश श्री चंद ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा दूरस्थ अंचलों में विधिक सेवा शिविर लगाकर लोगों को कानूनी सहायता के साथ ही जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विवादों का निपटारा आपस में ही बैठकर कर लिया जाए तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत सुलभ, सरल और सस्ते न्याय का एक अच्छा विकल्प है। आपके जो भी प्रकरण होंगे वह लोक अदालत में लेकर आए ताकि तुरंत निराकरण हो सके। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से कहा कि सभी ग्रामवासी मिलकर गांव को स्वच्छ, सुंदर और हरा भरा बनाए।

ऐसे समाज का निर्माण करें जिसमें कोई विवाद ही न हो- कलेक्टर सिंह

ई-सेवा केंद्र के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने कहा कि निपानियां ग्राम के निवासियों को अब उनके गांव में ही एक क्लिक पर अन्य सरकारी सुविधाओं के साथ ही न्यायालय की सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। ई-सेवा केंद्र से उनका समय और पैसा दोनो बचेगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधाएं आज से ही ग्रामवासियों को मिलना प्रारंभ हो जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सुविधाएं अपनी जगह ठीक है, लेकिन बेहतर होगा कि न्यायालय जाने की आवश्यकता ही न पड़े। गांव की समस्याओं का, गांव के विवादों का समाधान गांव में ही हो, तो इससे अच्छा कुछ और नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि निपानिया के ग्रामवासी समरसता के साथ रहे तो यह आदर्श ग्राम बन जाएगा।

कलेक्टर सिंह ने ग्रामवासियों से कहा कि हमारी कोशिश यह होनी चाहिए कि हम एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जिसमें कोई विवाद ही न हो। सब एक दूसरे का आदर करें और भाई-चारे के साथ रहे। उन्होंने कहा कि हमें अपनी प्राचीन परंपरा को स्थापित करना पड़ेगा। जिसमें गांव के बड़े बुजुर्ग गांव की सारी समस्याओं का सारे विवादों का निपटारा कर लेते थे।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि ई-सेवा का उद्देश्य लोगों को उनके घर पर ही सरकार की सेवाएं पहुंचाना है। ताकि नागरिकों को परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि आज सभी घरों में एंड्रॉयड फोन है और बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक एंड्रॉयड फोन चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामवासी ई-कोर्ट ऐप डाउनलोड कर न्यायालय की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

      विशेष न्यायाधीश श्री अशोक भारद्वाज ने ई-कोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि समस्त प्रकार के प्रकरणों का निराकरण, स्टेटस, आदेशों एवं निर्णयों की प्रतियां उपलब्ध रहेंगी। बंदियों से मुलाकात के लिए ऑनलाइन पंजीयन हो सकेगा। 

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश श्री सुरेश सिंह, सीजेएम अर्चना नायडू, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार दांगी, जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अनेक अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।

हितलाभ वितरण

ई-सेवा केंद्र के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्रता पर्ची वितरण, मध्यप्रदेश कर्मकार मंडल योजना के अंतर्गत श्रमिक पंजीयन प्रमाण पत्र वितरण, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र वितरण तथा दिव्यांगों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!