ऐतिहासिक कांवड यात्रा के बाद नपा अमले ने संभाला मोर्चा, पांच क्विंटल से अधिक कचरे का लगा था अंबार



श्रद्धालुओं के लिए सीवन घाट सहित अन्य स्थानों पर नगर पालिका ने की थी व्यवस्था
सीहोर। बुधवार को विठलेश सेवा समिति के तत्वाधान में निकाली गई भव्य कांवड यात्रा ने सारे रिकार्ड तोड दिए, यात्रा के दौरान शहर के सीवन नदी तट और जिला मुख्यालय के समीपस्थ स्थित कुबेरेश्वरधाम पर भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर लाखों की संख्या में देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर जल लेने पहुंचे थे, इसके अलावा भव्य कांवड यात्रा भी शहर से गुजरी थी। शहर की स्वच्छता को कायम रखने के लिए नगर पालिका के अध्यक्ष प्रिंस राठौर के निर्देश के बाद नगर पालिका अमले ने मात्र चार घंटे के अंतराल में कांवडियों के द्वारा फेंके गए कचरे सहित घाट की साफ-सफाई की।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष राठौर से चर्चा के उपरांत घाट, बाजार और हाई वे पर कांवड यात्रा के स्वागत के दौरान फूल, पानी के पाउच, खाद्य सामग्री के पैकेट का अंबार लगा हुआ था। इसमें भारी मात्रा में पालीथिन आदि थी। कई जगहों पर फैले कचरे को साफ करने के लिए नपा अमले के अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिम्मेदारी को बखूबी अंजाम देते हुए घाट की सफाई का बीडा उठाया और मात्र कुछ घंटों में घाट सहित पूरा शहर चकाचक कर दिया गया।
नपाध्यक्ष राठौर के नेतृत्व में दिल खोकर किया श्रद्धालुओं का स्वागत
शहर की आन, बान और शान भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर निकाली गई कावड यात्रा में दो दिन पूर्व ही देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं के लिए नपाध्यक्ष श्री राठौर के नेतृत्व में पालिका, पार्षद और क्षेत्र के समाजसेवियों ने दिल खोकर स्वागत किया। श्रद्धालुओं को ठहराने, भोजन सहित अन्य व्यवस्था की गई थी। सीवन घाट और नदी की साफ-सफाई यात्रा के पूर्व कर दी गई थी, यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने और रुकने के साथ भोजन के पैकेट आदि का वितरण भी उनकी टीम ने संभाला। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार से असुविधा नहीं हुई और भव्य कांवड़ यात्रा ने सभी रिकार्ड तोड़ते हुए इतिहास बनाया।