विजिट एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सतीश चंद्र शर्मा के निर्देशन में संकल्प वृद्धाश्रम एवं संकल्प नशामुक्ति केन्द्र में विजिट एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार दांगी ने कहा कि दीन दुखियों की मदद करना महायज्ञ में आहूति से कम नहीं है । हम सभी को हमेशा दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए । वृद्धाश्रम में विजिट के दौरान सचिव श्री दांगी वृद्धजनों की समस्याओं से अवगत हुए । साथ ही वृद्धजन के पास पहुंचकर उनके स्वास्थ्य एवं खानपान सम्बंधी सुविधाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की सलाह दी गई । वृद्धजनों को स्वल्पाहार सामग्री भी वितरित की गई ।
संकल्प नशामुक्ति केन्द्र पर नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों को नशे से दूर रहने की सीख देते हुए नालसा नशा पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 तथा कानून व विधिक की जानकारी विस्तृत रूप से दी गई । साथ ही नशे के कुप्रभावों के बारे में बताते हुए दृढ संकल्पित होकर बुरे व्यसनों को त्यागने की बात भी कही गई । उपचार का लाभ ले रहे व्यक्तियों से उनके अनुभव भी जाने गए तथा उन्हें आवश्यक सलाह भी दी गई । कार्यक्रम के अंत में श्री मुकेश कुमार दांगी का स्थानांतरण होने के कारण उनका पुष्पगुच्छ एवं शॉल-श्रीफल देकर वृद्धाश्रम तथा नशामुक्ति केन्द्र की टीम द्वारा सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, श्री जितेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे ।