August 4, 2026

24 अप्रैल के तबादला आदेश के बाद भी रेहटी टीआई नहीं हुए रिलीव, आखिर क्या है वजह?

0
IMG-20260804-WA0065

करीब चार माह बाद भ नहीं हुई कार्यमुक्ति, नए एसपी के आने के बाद भी आदेश लंबित, क्षेत्र में उठ रहे सवाल

मुकेश मेहता
रेहटी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 24 अप्रैल 2026 को जारी तबादला आदेश में रेहटी थाना प्रभारी का स्थानांतरण कर दिया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि आदेश जारी होने के लगभग चार माह बाद भी उन्हें अब तक कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया गया है। इस बीच जिले में पुलिस अधीक्षक भी बदल चुके हैं, फिर भी न तो वर्तमान थाना प्रभारी को रिलीव किया गया और न ही नए थाना प्रभारी ने रेहटी थाने का कार्यभार संभाला है।

इसी को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि जब पुलिस मुख्यालय का स्पष्ट आदेश जारी हो चुका है तो आखिर उसके पालन में इतनी देरी क्यों हो रही है? आखिर ऐसी कौन-सी प्रशासनिक या अन्य वजह है जिसके कारण रेहटी थाना इस आदेश से अब तक अछूता बना हुआ है?

सूत्रों के अनुसार, जिले के कई अन्य स्थानांतरण आदेशों का पालन समय पर किया गया, लेकिन रेहटी थाना प्रभारी का मामला अब तक लंबित बना हुआ है। इससे लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि क्या किसी विशेष कारण से उन्हें अब तक कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा है?

वर्तमान थाना प्रभारी का कार्यकाल भी लगातार चर्चाओं में रहा है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यशैली को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके कार्यकाल के दौरान हत्या, चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों की कई घटनाएं हुईं। इनमें से कई मामलों का खुलासा आज तक नहीं हो सका है और कई आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी।

राजनीतिक गलियारों में भी यह चर्चा रही कि थाना प्रभारी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कुछ राजनीतिक नेताओं से संबंध बेहतर नहीं रहे। विभिन्न मामलों को लेकर कई बार वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचने की बातें भी सामने आती रही हैं। हालांकि इन शिकायतों पर विभाग की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई।

क्षेत्र में कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि अवैध गतिविधियों पर अपेक्षित प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार जैसी गतिविधियों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इन पर संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष लिया जाना शेष है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 24 अप्रैल 2026 को जारी पुलिस मुख्यालय के स्थानांतरण आदेश का पालन आखिर कब होगा? क्या रेहटी को जल्द नया थाना प्रभारी मिलेगा या फिर यह मामला और लंबा खिंचेगा? इस पूरे घटनाक्रम पर जिला पुलिस प्रशासन की चुप्पी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!