मतदाता पर्ची वितरण का कार्य प्रारंभ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं की दी जा रही है मतदाता पर्ची
पीले चावल देकर मतदान के लिए आमंत्रण
सीहोर जिले में 07 मई एवं 13 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार मतदाताओं के घर घर जाकर मतदाता पर्ची वितरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। मतदाताओं को मतदान करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी वोटर कार्ड के अलावा 12 अन्य प्रकार के पहचान पत्रों को प्रस्तुत कर मतदान करने की सुविधा दी गई है। इसके बारे भी मतदाताओं को बताया जा रहा है।
मतदाता पर्ची वितरण का कार्य बी एलओ सहित बीएजी गु्रप के सदस्यों द्वारा किया जा रहा । मतदाता के घर पहुंच कर न केवल मतदाता पर्ची प्रदान की जा रही है बल्कि मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। मतदाताओं से मतदान करने की शपथ भी दिलाई जा रही है। कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देशानुसार मतदाता पर्ची वितरण की राजस्व अधिकारियों एवं जनपद सीईओ द्वारा ग्रामों का भ्रमण कर मतदाता पर्ची प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
पीले चावल देकर मतदान के लिए आमंत्रण
मतदाता पर्ची वितरण के साथ ही अनेक बूथ लेवन अवेयरनेश गु्रप के सदस्या, स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा मतदाताओं को मतदाता पर्ची प्रदान करने के साथ ही मतदाता के घर के दरवाजे पर पीले चावल रख कर मतदान के लिए आमंत्रण दे रहे हैं। मतदाताओं को बताया जा रहा है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए उनका वोट करना जरूरी है।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों जिले भर में आयोजन
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने विभिन्न विभाग एवं संस्थाओं को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिये हैं। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रंगोली, पेंटिंग, मेंहदी पोस्टर, बैनर, निबंध, क्विज, शपथ सहित विभिन्न प्रकार की मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदीयों द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए शपथ ली गई ।


