मतदान जागरुकता-शत-प्रतिशत वोटिंग के लिए वृद्धाश्रम के बुजूर्गों ने दिया संदेश

सीहोर। चुनाव में शत प्रतिशत मतदान हो इसके लिए प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के तत्वाधान में शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में बुजुर्गों ने जागरूकता के लिए परिसर में ही रैली निकाली और शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगों से अपील की। इस मौके पर समिति की अध्यक्ष श्रीमती निशा सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनाव में आदर्श व निष्पक्ष मतदान से लोकतंत्र मजबूत बनेगा। हमें देश में सफल लोकतंत्र बनाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को महत्व देना चाहिए। हमें निर्भय और निडर होकर निष्पक्ष मतदान करना चाहिए जिससे कि समाज में सही संदेश दिया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को निर्भिक होकर सुयोग्य व ईमानदार उम्मीदवार को चुनना चाहिए। मतदाता जागरूकता अभियानों की सफलता के कारण मतदान प्रतिशत में वृद्धि आ रही है।
मतदान एक महादान है, हमारा एक वोट प्रत्याशी का भाग्य का बदल सकता है
संकल्प वृद्धाश्रम में निवासरत 80 वर्षीय बुजुर्ग लखी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि मतदान एक महादान है, हमारा एक वोट प्रत्याशी का भाग्य का बदल सकता है, प्रत्येक वोट का महत्व है, इसलिए हमें एक शिक्षित एवं जागरूक मतदाता बनकर अपना वोट देकर चुनाव आयोग के कार्य में सहभागिता देनी है। आगामी चुनाव के प्रति लोगों को सजग रहने, अनिवार्य एवं निष्पक्ष मतदान करने, प्रलोभन विहीन एवं भयमुक्त होकर सही व्यक्ति का चुनाव, मतदान प्रतिशत में वृद्धि आदि उद्देश्यों को ध्यान में रखकर जो कार्य प्रशासन, मीडिया सहित अन्य संस्थाओं के द्वारा किए जा रहे है। इसी कड़ी में श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के तत्वाधान में शुक्रवार को सैकड़ाखेड़ी स्थित आश्रम में बुजुर्गों ने भी क्षेत्रवासियों से मतदान करने की अपील की। इस मौके पर आश्रम में निवासरत गोपीलाल वर्मा, अजय शमा्र, श्यामलाल सोनी, तुलसीराम मालवीय, रामचरण, कमला राय, कृष्णा बाई सोनी, गायत्री सैनी, शंकुतला बाई और रेणु शर्मा आदि बड़ी संख्या में बुजुर्ग शामिल थे।