हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में भारी उत्साह । हर घर तिरंगा अभियान के तहत नसरूल्लागंज में व्यापारियों की बैठक आयोजित
भारत को आज़ाद हुए 75 साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में पूरे देश में आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। आज़ादी के इस जश्न को लोग अपने-अपने तरीके से मनाने की तैयारी में हैं। देश के हर राज्य और जिले में इस दिन के लिए लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के मद्देनजर सीहोर जिले में भी इस दिन के लिए तैयारियां चल रही है। केंद्र के हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए शासकीय विभागों के अलावा अन्य संस्थाए भी जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं।
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कहीं छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली तो कहीं दीवार लेखन तथा दीवारों पर पोस्टर लगाकर सभी नागरिकों को इस अभियान मे शामिल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्कूल-कॉलेजों में भी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों को आसानी से तिरंगा झण्डा उपलब्ध हो सके, इसके लिए सभी नगरीय क्षेत्रों में प्रमुख स्थलों पर विक्रय केन्द्र बनाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों एवं सभी शासकीय उचित मूल्य राशन दुकानों से झण्डे का विक्रय किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग विक्रय केन्द्रों से तिरंगे झण्डे खरीद रहे हैं।

जिले की आवश्यकता के अनुसार तिरंगे झण्डे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्व सहायता समूह की दीदियां पूरे उत्साह के साथ झण्डा बनाने का कार्य तेजी से कर रही हैं। जिले में कुल दो लाख 53 हजार झण्डे की आवश्यकता है, जिसमें एक लाख 58 हजार झण्डे विक्रय के लिए जिले भर के विक्रय केन्द्रों को भेजे गए हैं। एक झण्डे का विक्रय मूल्य 25रूपए तथा छड़ी के साथ इसका मूल्य 30 रूपए रखा गया है।
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए नगर परिषद नसरुल्लागंज में नगर के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने एवं जनसामान्य को स्वतंत्रता सप्ताह में अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा गया।

सॉची की मिठाईया का उपयोग करने की सलाह
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को झंडा वंदन के अवसर पर साँची पेड़ा एवं साँची की अन्य मिठाईयों का उपयोग की सलाह दी गई है। एमपी स्टेट को-आपरेटिस डेयरी फेडरेशन लिमिटेड म.प्र.शासन की सहकारी संस्था के प्रबंध संचालक द्वारा इस आशय का पत्र कलेक्टर को लिखकर “साँची ब्राण्ड की मिठाईयों का उपयोग करने का अनुरोध किया है। प्रदेश में “साँची ब्राण्ड एक प्रतिष्ठित ब्राण्ड है। एमपीसीडीएफ के अधीनस्थ 06 दुग्ध संघों द्वारा “साँची” ब्राण्ड के रूप में विभिन्न प्रकार के दूध के अतिरिक्त कार्यालय उपयोग के लिए अनेक उत्पादों छाछ, फ्लेवर्ड दूध, श्रीखंड, मीठा दही, रबडी, लस्सी, कुकीज़ के अलवा अन्य प्रकार की मिठाईयों का विक्रय किया जा रहा है।

राष्ट्रीय त्यौहार स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2022) को झंडा-चंदन के अवसर पर शासकीय अर्द्धशासकीय, निजी कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थाओं आदि में विभिन्न प्रकार की मिठाईयां वितरित की जाती हैं। “साँची” पेड़े के विभिन्न पैक साईज़ उपलब्ध है। 15 अगस्त-2022 को झंडा-वंदन के अवसर दुग्ध संघों द्वारा निर्मित “साँची” के पेड़ा तथा अन्य मिठाईयों का उपयोग करने अनुरोध किया गया है।
