नर्मदा और अन्य नदियों में धूमधाम से हुआ गणेश विसर्जन, अगले साल जल्दी आने की कामना
रेहटी:
रेहटी एवं आसपास घरों और पंडालों में 10 दिनों तक विराजे भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन शनिवार को धूमधाम से किया गया। नगर भर में भक्त ‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले साल जल्दी आ’ के जयकारों के साथ नाचते-गाते हुए मूर्तियों को विसर्जन स्थलों तक लेकर गए। मुख्य विसर्जन स्थल नर्मदा नदी के घाटों के अलावा, इटावा बाबड़ नदी ,इटारसी डेम पर भी भक्तों की भीड़ उमड़ी।
प्रशासन द्वारा विसर्जन के लिए खास इंतज़ाम किए गए थे। नर्मदा नदी के तट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धापूर्वक मूर्तियों का विसर्जन किया। वहीं, अन्य विसर्जन स्थलों पर भी पुलिस और नगर परिषद की टीमें मौजूद रहीं ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
इस दौरान, डीजे और ढोल-ताशों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था। भक्तों ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी और अगले साल फिर से उनके आगमन की कामना की। कई भक्तों ने पर्यावरण-अनुकूल मूर्तियों का विसर्जन किया और इस बात पर जोर दिया कि त्योहारों को प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना मनाया जाना चाहिए।
नगर ओर ग्रामीण क्षेत्रो में विसर्जन का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा

