August 3, 2026

रेहटी में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य समापन, पूर्णाहुति व विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

0
img-20260518-wa00422308867389220993075.jpg




रेहटी
मुकेश मेहता
रेहटी। नगर के मंडी प्रांगण में विगत दिनों से चल रहा 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सोमवार को भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो गया। अंतिम दिन प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यज्ञ स्थल पर उमड़ पड़ी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महायज्ञ की भव्य पूर्णाहुति दी गई।

सुबह  से आचार्यों के सान्निध्य में यज्ञ संस्कार, हवन एवं विशेष अनुष्ठान प्रारंभ हुए। इसके पश्चात पूर्णाहुति के समय पूरा परिसर “स्वाहा” के जयघोष और मंत्रों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित यज्ञ में आहुति देकर धर्मलाभ अर्जित किया।

समापन अवसर पर आयोजित भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गई थीं, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव, राज्यसभा सांसद माया नरोलीया, वरिष्ठ नेता कार्तिकेय सिंह चौहान तथा सलकनपुर देवी ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने पहुंचकर यज्ञ में आहुति दी और आयोजन की सराहना की।

आचार्यों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के वैदिक महायज्ञ न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और संस्कारों का संचार भी करते हैं।

महायज्ञ के सफल आयोजन के बाद टोली विदाई के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भव्य और सफल बन सका।

पूरे आयोजन के दौरान रेहटी नगर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा, जिसका समापन भी उसी गरिमा और उल्लास के साथ हुआ।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!