पुलिस बल की भारी कमी से जूझ रहा रेहटी थाना, सीमित स्टाफ में बढ़ रहा जिम्मेदारियों का बोझ
मुकेश मेहता
रेहटी। सीहोर जिले का सबसे बड़ा थाना क्षेत्र माने जाने वाले रेहटी थाना इन दिनों पुलिस बल की भारी कमी से जूझ रहा है। गांवों की संख्या, क्षेत्रफल, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, अदालत पेशी, अपराध नियंत्रण और वीआईपी ड्यूटी जैसी बड़ी जिम्मेदारियों के बीच सीमित स्टाफ के भरोसे थाना संचालन करना पुलिस विभाग के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पर्याप्त बल ही उपलब्ध नहीं है तो आम जनता को समय पर न्याय और सुरक्षा कैसे मिल पाएगी।
रेहटी थाना क्षेत्र सीहोर जिले के सबसे बड़े थाना क्षेत्रों में शामिल है, जहां करीब 116 गांव आते हैं। इतने बड़े क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण, विवादों का निराकरण, रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग, दुर्घटना एवं आकस्मिक घटनाओं में तत्काल कार्रवाई करना पुलिस के लिए बेहद कठिन होता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रेहटी थाने में दो न्यायालयों—बुधनी और भैरूंदा—की पेशी और संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी भी पुलिस पर रहती है। इसके चलते नियमित स्टाफ का बड़ा हिस्सा न्यायालयीन कार्यों में व्यस्त रहता है।
इसके अलावा थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर भी रेहटी थाना अंतर्गत आता है, जहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। विशेष रूप से दोनों नवरात्रि पर्वों के दौरान हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। साथ ही कई बार वीआईपी और जनप्रतिनिधियों के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में अतिरिक्त बल लगाना पड़ता है।
रेहटी थाना क्षेत्र में नर्मदा तट आबलिघाट भी आता है, जहां भूतड़ी अमावस्या और मासिक अमावस्या जैसे धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और दुर्घटना रोकथाम के लिए पर्याप्त पुलिस बल की आवश्यकता होती है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष रेहटी थाने में लगभग 700 अपराध दर्ज हुए थे। इतनी बड़ी संख्या में अपराधों की जांच, फरियादियों की सुनवाई, केस डायरी, कोर्ट कार्यवाही और अपराधियों पर कार्रवाई जैसे कार्य भी पुलिस बल पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं।
स्वीकृत बल बनाम वर्तमान स्टाफ
रेहटी थाने में नियमानुसार लगभग 70 पुलिसकर्मियों का स्टाफ होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 32 पुलिसकर्मी ही कार्यरत हैं।
सब इंस्पेक्टर (SI) – 5 पद स्वीकृत, वर्तमान में सिर्फ 2
असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) – 7 पद स्वीकृत, वर्तमान में सिर्फ 3
प्रधान आरक्षक – 8 पद स्वीकृत, वर्तमान में 5
आरक्षक – लगभग 23 पद स्वीकृत, वर्तमान में 15
होमगार्ड सैनिक – 15 पद स्वीकृत, वर्तमान में सिर्फ 4
सलकनपुर चौकी – 10 स्टाफ होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 3 कर्मचारी तैनात हैं।
सीमित बल में बढ़ रहा कार्यों का दबाव
थाना स्तर पर पुलिस को कोर्ट ड्यूटी, रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग, अपराध जांच, वीआईपी सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों में व्यवस्था, दुर्घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, फरियादियों की सुनवाई और कानून व्यवस्था जैसे कई अहम दायित्व निभाने होते हैं। लेकिन स्टाफ की कमी के चलते कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई मामलों में कार्रवाई में देरी भी सामने आती है।
स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि रेहटी थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, धार्मिक महत्व, बढ़ते अपराध और लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की शीघ्र नियुक्ति की जाए, ताकि पुलिस व्यवस्था मजबूत हो सके और आम जनता को बेहतर सुरक्षा व न्याय मिल सके।
