भीषण गर्मी में और बिगड़ी बिजली व्यवस्था, हर घंटे गुल हो रही सप्लाई से जनता त्रस्त
रेहटी/सीहोर
मुकेश मेहता
। नगर में बिजली संकट कम होने के बजाय लगातार गहराता जा रहा है। कुछ दिन पहले बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस और तकनीकी कारणों का हवाला देकर जल्द सुधार का दावा किया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। नगरवासियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है, बल्कि अब स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो गई है।
भीषण गर्मी के बीच अब हर घंटे बिजली गुल हो रही है। कई बार घंटों तक सप्लाई बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन में तेज गर्मी और रात में उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। कूलर, पंखे और एसी बार-बार बंद होने से लोग राहत की सांस भी नहीं ले पा रहे हैं।
नागरिकों का आरोप है कि हल्की हवा चलने या मौसम में मामूली बदलाव होते ही बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। कई क्षेत्रों में बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली जाने से उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बुजुर्गों तथा मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने यह भी शिकायत की है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
नगरवासियों का कहना है कि जब गर्मी अपने चरम पर है, तब बिजली व्यवस्था का यह हाल विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
जनता का सवाल
यदि मेंटेनेंस कार्य और सुधार के दावे किए जा रहे हैं, तो फिर नगर में बार-बार ट्रिपिंग, घंटों बिजली गुल रहने और हल्की हवा चलते ही सप्लाई बंद होने की समस्या आखिर कब खत्म होगी?
जनता की मांग
बार-बार हो रही ट्रिपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए।
बिजली कटौती की पूर्व सूचना दी जाए।
जर्जर केबल और उपकरणों को बदला जाए।
गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
रेहटी की जनता का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली की यह आंखमिचौली अब असहनीय हो चुकी है और यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है।
