लड़की बनकर की दोस्ती, डेढ़ साल में 17 लाख की ठगी भैरुंदा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 11 लाख रुपये का माल किया बरामद

। सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती भैरुंदा के एक युवक के लिए महंगी साबित हुई। खुद को लड़की बताकर दोस्ती करने वाले एक युवक ने विश्वास का फायदा उठाते हुए डेढ़ वर्ष में करीब 17 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में कार्रवाई करते हुए भैरुंदा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके कब्जे से नकदी, बैंक खाते में जमा राशि और महंगे मोबाइल सहित करीब 11 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैरुंदा निवासी तनमय खंडेलवाल, सुदामापुरी की सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवती के नाम से संचालित प्रोफाइल से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने फरियादी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने अलग-अलग बहानों से रुपये मांगना शुरू किया तथा ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के जरिए लगातार रकम ऐंठता रहा।
जांच में खुलासा हुआ कि युवती बनकर बातचीत करने वाला व्यक्ति संजय मीणा, निवासी हासलपुर, जिला नर्मदापुरम था। आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर फरियादी को अपने जाल में फंसाया और करीब डेढ़ वर्ष में विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से लगभग 17 लाख रुपये अपने कब्जे में कर लिए।
जब फरियादी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उसने भैरुंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, बैंक खाते में जमा 2 लाख 15 हजार रुपये फ्रीज कराए हैं। इसके अलावा ठगी की रकम से खरीदा गया आईफोन 17 प्रो एवं एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस प्रकार कुल करीब 11 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। शेष राशि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी पर भरोसा न करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।