हार्न की आवाज बनी हत्या की वजह, पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान
रेहटी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त कार और डंडे जब्त
मुकेश मेहता
रेहटी। थाना क्षेत्र के ग्राम महागांव जदीद में हार्न बजाने को लेकर शुरू हुए विवाद और पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। रेहटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार और डंडे भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को रमाबाई यादववंशी निवासी महागांव जदीद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई सुनील यादुवंशी के साथ संदीप यादुवंशी, विनीत यादुवंशी तथा उनके दो साथियों ने डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत पर रेहटी थाना पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 1 जुलाई की रात करीब 11 बजे वे कार से महागांव जदीद पहुंचे थे। घर के सामने सड़क पर खड़ी स्कूटी हटवाने के लिए हार्न बजाया, जिस पर पहले से चली आ रही रंजिश के चलते सुनील यादववंशी बाहर आ गया और दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने डंडों से सुनील यादववंशी की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सुनील के जीजा सबरसिंह पर भी हमला किया गया, जबकि एक अन्य ग्रामीण पूनम यादववंशी को भी मारपीट कर वहां से भगा दिया। घटना के बाद चारों आरोपी कार से फरार हो गए।
रेहटी पुलिस ने जांच के दौरान चारों आरोपियों संदीप यादववंशी, विनीत यादववंशी, मोहित धनवारे और प्रदीप यादववंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा ब्रियो कार (क्रमांक MP-04-CK-3660) एवं वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे भी जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, उप निरीक्षक संदीप जाट, सहायक उप निरीक्षक बी.एस. सिकरवार, सुमेर सिंह सहित थाना रेहटी के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।