प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर मे ऊपर पहाड़ी मंदिर जाने बाले सडक मार्ग पर लगा जाम दो घंटे मे खुला
मध्यप्रदेश के बुधनी के प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पहाड़ी पर मंदिर जाने वाले सड़क मार्ग पर लंबा जाम लग गया। हरियाली का आनंद लेने बड़ी संख्या में फोर व्हीलर वाहन पहाड़ी पर पहुंचे, लेकिन मंदिर से पहले सड़क पर वाहनों के रुकने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही सलकनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। देखिए यह रिपोर्ट…
रविवार होने के कारण सलकनपुर देवी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में लोग अपने चार पहिया वाहनों से पहाड़ी पर स्थित मंदिर की ओर पहुंचे। इसी दौरान मंदिर से पहले चढ़ाई वाले सड़क मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते पूरा घाट मार्ग जाम में तब्दील हो गया
स्थानीय लोगों के अनुसार, सूर्य द्वार सीडी मार्ग पर सड़क किनारे वन परिक्षेत्र के अंदर अस्थायी दुकानें लगाने वाले कुछ दुकानदार श्रद्धालुओं की कारों को बीच चढ़ाई में ही रुकवाकर सड़क किनारे खड़ा करा देते हैं। दुकानदार वाहन चालकों से कहते हैं कि यह सीडी मार्ग से मंदिर पास में ही है, आप सीढ़ियों से चले जाइए। इसी वजह से सड़क संकरी हो जाती है और पीछे आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
जाम की सूचना मिलते ही सलकनपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक-एक वाहन को व्यवस्थित तरीके से निकलवाया और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। इस दौरान श्रद्धालुओं को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
सलकनपुर में रविवार और अवकाश के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और अस्थायी दुकानों के कारण लगने वाले जाम की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन को पार्किंग और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाना चाहिए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
