देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर जश्न मनाए, आइए हम सभी अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराएं।हाथों में तिरंगा झंडा लेकर रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा फहराने का दिया संदेश


बच्चों के उत्साह के आगे फीकी पड़ी तेज बारिश
हर घर तिरंगा जन जागरूकता रैली का अनेक जगहों पर किया गया स्वागत
सीहोर,
आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव पर 11 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में अनेक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को इस अभियान के जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर नगर के पुलिस परेड ग्राउण्ड, जिला कोर्ट, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तथा आवासीय खेल परिसर से विशाल जन जागरूकता रैली निकाली गई। आवासी खेल परिसर से निकाली गई हर घर तिरंगा जन जागरूकता रैली में कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर, एसपी मयंक अवस्थी, जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह एवं अपर कलेक्टर श्रीमती गुंचा सनोबर सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी एवं एनसीसी, स्काउट के कैडेट्स तथा विद्यार्थियो द्वारा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर जन जागरूकता रैली निकाली गई। जन जागरूकता रैली भोपाल नाका से इंग्लिशपुरा रोड, कोतवाली चौराहा, मुख्य बाजार, लीसा टॉकीज चौराहा होते हुए बाल विहार ग्राउण्ड पर समाप्त हुई। समापन अवसर पर कलेक्टर श्री ठाकुर ने सभी नागरिकों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों तथा कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। सभी नागरिक स्वतंत्रता सप्ताह में अपने घरों पर तिरंगा फहराकर गर्व का अनुभव करें।
रैली में यह थे आकर्षण का केन्द्रहर घर तिरंगा जन जागरूकता रैली के बीच में खुली जीप में बालक-बालिकाएं तथ्या मिश्रा, प्रियांशु विश्वकर्मा, आरूष मिश्रा, लकी भिलाला, खुशबू भगत, पुष्कर ठाकुर, अंश गुजर तथा कनक मंगरोलिया ने भारत माता, महात्मा गांधी, चन्द्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, तथा भारतीय सेना के जवानो की वेशभूषा में आकर्षक का केन्द्र बने हुए थे। रास्ते में अनेक नागरिकों द्वारा उन्हें रोककर फूल मालाएं पहनाई गई। रैली में चलने वाले बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था वे पूरी ऊर्जा और उमंग के साथ भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।
रैली का जगह-जगह किया गया स्वागत हर घर तिरंगा जागरूकता रैली खेल परिसर से बाल विहार ग्राउण्ड के लिए निकली तब रास्ते में अनेक जगहों पर नागरिकों द्वारा फूल मालाओं से रैली में चलने वाले लोगो को स्वागत किया गया। साथ ही घरों की बालकनियों से रैली को देख रहे बच्चे, बूढ़े, जवान तथा महिलाओं द्वारा भारत माता की जय तथा वंदे मातरम का उद्घोष किया गया।

बच्चों के उत्साह के आगे फीकी पड़ी बारिश हर घर तिरंगा जन जागरूकता रैली के प्रारंभ होने के समय शाम 4.15 बजे भारी वर्षा शुरू हो गई। लगातार हो रही तेज बारिश के बाद भी बच्चों के उत्साह में किसी तरह की कमी नही आई। बच्चों के उत्साह और उमंग के आगे बारिश भी फीकी पड़ गई और रैली नगर के अनेक मार्गों से होती हुई बाल विहार ग्राउण्ड पहुंची। इस दौरान रैली के आगे चल रहे वाहन पर बज रहे देशभक्ति गीत रैली में चलने वालों में नई ऊर्जा का संचार कर रहे थे और देश के प्रति कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
