पर्यावरण संरक्षण हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी- कलेक्टर ठाकुर
पृथ्वी को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना होगा – कलेक्टर ठाकुर। जवाहर नवोदय विद्यालय श्यामपुर में गायत्री परिवार 1111 पौधों का रोपण किया गया

आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ पर्यावरण देने तथा धरती को बचाने के लिए पूरे समाज को मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाना होगा। यह बात कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने नवोदय विद्यालय श्यामपुर में जन अभियान एवं गायत्री परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहीं। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के 1111 पौधो का रोपण किया गया।
कलेक्टर ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के लिए अंकुर अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान तभी सफल होगा जब हर व्यक्ति पूरी जिम्मेदारी के साथ पौधारोपण करेगा। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ जैसी विशेष तिथियों और विशेष अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं और इनकी रक्षा करना हमारा दायित्व है। जब तक पृथ्वी पर पेड़ों का अस्तित्व है तब तक ही मनुष्य का अस्तित्व है। सभी लोग अधिक से अधिक पौधे लगाकर तथा राष्ट्र निर्माण में सहयोगी बने।
इस दौरान कलेक्टर ठाकुर ने छात्र-छात्राओं से चर्चा कर उन्हें कैरियर निर्माण के टिप्स भी दिए। कार्यक्रम में सभी को वायुदूत ऐप डाउनलोड कर एप पर पौधे को डालने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में गायत्री सेवा धाम समिति से पंडित मेवालाल पाटीदार, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एस बघेल, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती पारुल उपाध्याय सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के लोग उपस्थित थे।
