ऐतिहासिक चिंतामन सिद्ध गणेश मंदिर परिसर में 10 दिवसीय भव्य गणेशोत्सव मेला आयोजन होगा

सीहोर। विक्रमादित्य कालीन प्राचीन ऐतिहासिक श्री चिन्तामन सिद्ध गणेश मन्दिर सिद्धपुर सीहोर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गणेश जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में 31 अगस्त गणेश चतुर्थी बुधवार से अनन्त चर्तुदशी 9 सितंबर शुक्रवार तक भव्य मेला का आयोजन किया जा रहा है।
संपूर्ण मेला व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए पंडित हरीशचंद्र तिवारी ने बताया कि इस वर्ष पूजा एवं व्यवस्था आचार्य पं. पृथ्वी वल्लभ दुबे, पं. हेमन्त वल्लभ दुबे, पं. जयेन्द्र वल्लभ दुबे व पं. ज्योतेन्द्र वल्लभ दुबे द्वारा सम्पन्न की जावेगी ।
मेले में इस वर्ष सागर व भोपाल के बड़े बड़े झूले व दुकानें व मनोरंजक खेल तमाशे आकर्षक आयटम मेले की शोभा बढ़ायेंगें। भगवान श्री गणेश का प्रतिदिन नित्य नया श्रृंगार किया जावेगा तथा विशेष आकर्षक मनमोहक श्रृंगार के दर्शन श्रद्धालुओं को उपलब्ध होंगें।
मनाया जाएगा श्री गणेश जन्मोत्सव
बुधवार गणेश चतुर्थी को प्रात: 4 बजे से प्रातः 6 बजे तक भगवान श्री गणेश जी का महाअभिषेक पूजन चलेगा तथा प्रातः 6 बजे के बाद दर्शनार्थीगणों का गर्भगृह में प्रवेश बन्द हो जावेगा। दर्शन व्यवस्था सभा मण्डप मूषक हाल से प्रारंभ हो जावेगी। दोपहर 12 बजे जन्म महाआरती होगी तथा मेला आरंभ हो जावेगा। शुक्रवार अनन्त चौदस तक लगातार प्रतिदिन सामुहिक सभी के लिये दर्शन उपलब्ध रहेंगें ।

धर्म प्रेमी श्रद्धालुजन एवं नागरिकों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में मन्दिर पर पधार कर मेले की शोभा बढ़ाये एवं श्री गणेश जी के दर्शन कर धर्मलाभ लेवें ।