25 सितंबर को निकाला जाएगा भव्य चल समारोह और 26 को शेर पर सवार देवी मां को किया जाएगा विराजमान
सीहोर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी शहर के मध्य छावनी स्थित नमक चौराहा पर नव ज्योति संगठन के तत्वाधान में 58 सालों से नवरात्रि का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस बार भी पूरे उत्साह के साथ नवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। नवरात्रि के महोत्सव के अंतर्गत आगामी 25 सितंबर की शाम को भव्य रूप से चल समारोह निकाला जाएगा और 26 सितंबर को देवी को विराजमान किया जाएगा।
इसके लिए शहर के छावनी सब्जी मंडी स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में नव ज्योति संगठन की एक विशेष बैठक का आयोजन समाज सेवी कमलेश अग्रवाल की अध्यक्षता में किया गया था। इस दौरान संगठन के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश माहेश्वरी और कोषाध्यक्ष के द्वारा पिछले वर्ष की आय-व्यय का हिसाब आदि के संबंध चर्चा की गई। इसके पश्चात सर्व सम्मति से युवा समाजसेवी उत्कर्ष अग्रवाल को संगठन का अध्यक्ष मनोनित किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए संगठन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि इस साल भी छह फीट की देवी माता की मूर्ति का निर्माण स्थानीय कलाकारों के द्वारा किया जा रहा है। पिछले दो सालों से कोरोना महामारी के कारण अनेक आयोजन नहीं हो पाए थे, लेकिन कोरोना संक्रमण के प्रभाव में कमी होने के कारण समिति के द्वारा निर्णय लिया गया है कि इस वर्ष भव्य रूप से नवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा और आगामी दो अक्टूबर को शहर के नमक चौराहा पर नव ज्योति संगठन के तत्वाधान में भव्य रूप से श्री खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के प्रसिद्ध भजन गायक अर्पिता पंडित और अमित पारीक के द्वारा भगवान के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी और भव्य कार्यक्रम के दौरान भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, इत्र और पुष्प वर्ष, अखंड ज्योत के साथ छप्पन भोग की प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
60 सालों से हर साल विराजमान की जाती है देवी मां की विशाल प्रतिमा
संगठन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि पिछले 60 सालों से अधिक समय से नव ज्योति संगठन के द्वारा उत्साह के साथ नव रात्रि का पर्व मनाया जाता आ रहा है, पूर्व में संगठन के द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर कवि सम्मेलन आदि अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, इस वर्ष भी नवरात्रि महोत्सव के दौरान संगठन के अंतर्गत लगातार नौ दिन भजन संध्या, महा आरती, प्रसादी का वितरण के अलावा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में कन्याओं के द्वारा देवी मां के दरबार में गरबा के अलावा अन्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नव ज्योति संगठन की नई कार्यकारणी में उपाध्यक्ष वंश पचौरी, हिमांशु, सचिव संतोष राठौर, सचिव राहुल शुक्ला और कोषाध्यक्ष के रूप में गौरव अग्रवाल को शामिल किया गया है। वहीं संरक्षण मंडल में हरीश चंद्र अग्रवाल, संतोष सोनी, आशीष पचौरी, आनंद गांधी, आशीष गहलोत, मनोज दीक्षित मामा, देवेन्द्र आर्य, हर्षित अग्रवाल, गोल्डी अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, प्रशांत वोरा, भारत माहेश्वरी, अमित माहेश्वरी, सुमीत माहेश्वरी, अखिलेश माहेश्वरी, दुष्यंत सोनी, आयुष सोनी, प्रवीण ताम्रकार, अनुज अग्रवाल, विनोद माहेश्वरी और प्रकाश सोनी आदि शामिल किया गया है।
