सांसद भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
दुर्घटनाओं को रोकने आवश्यक कदम उठाने के सांसद भार्गव ने दिए निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद रमाकांत भार्गव की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद भार्गव ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने तथा खराब सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने यातायात सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पूर्व मंत्री एवं इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक रघुनाथ मालवीय, गुरुप्रसाद शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय, रघुनाथ भाटी, सीहोर जनपद अध्यक्ष श्रीमती नावड़ी बाई, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर, एसपी मयंक अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिधि तथा अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सांसद भार्गव ने पुलिस प्रशासन दल को विशेषकर शाम के समय एवं रात्रि में ब्रेथ एनालाइजर से शराब का सेवन करने वाले वाहन चालकों पर एक अभियान के तहत कार्यवाही करने तथा वाहनों की ओवर लोडिंग रोकने के लिए हाईवे के टोल नाकों के पास स्पीड रडार गन द्वारा वाहनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। हाईवे पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने की कार्यवाही एवं रेक्टीफिकेशन की कार्यवाही निरन्तर करने के साथ ही प्रतिमाह विश्लेषण कर सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी बैठक में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूल-कॉलेजों के वाहनों की जिला मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर पुलिस-प्रशासन के साथ एक अभियान के रूप में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत चैकिंग की करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आष्टा, सीहोर, नसरूल्लागंज एवं बुधनी के मुख्य चौराहों में यातायात का अध्ययन कर आवश्यकतानुसार रोटरी, ट्रैफिक सिग्नल, साइन बोर्ड, संकेतक आदि का निर्माण कराएं। आवारा एवं मरे हुए पशुओं के लिए पशु वाहन एवं नगर पालिका के पास स्वयं की क्रेन हो। सीहोर शहर में पार्किंग जोन, हॉकर्स जोन, नो व्हीकल जोन, एकांगी मार्ग, ट्रांसपोर्ट नगर चिन्हित होना चाहिए।
सांसद भार्गव ने आवारा पशुओं के लिए एक विशेष अभियान के तहत पशुओं के सींग में रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए ताकि जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मंडी आने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहन चालकों का समय-समय पर नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित नेत्र परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में नेक व्यक्तियों (Good Samaritans) को प्रेरित करने के लिए कार्य नीतियां बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने तथा जिले में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी सड़क दुर्घटनाओं के रोकने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।