पीथमपुर को 272 करोड़ की नई औद्योगिक सौगात

लियुगोंग इंडिया की नई यूनिट का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया भूमि-पूजन, रोजगार और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार
धार/भोपाल, 8 जुलाई। मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 272 करोड़ रुपये की नई विनिर्माण इकाई का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पीथमपुर प्रदेश का औद्योगिक ग्रोथ इंजन बन चुका है और यह नई इकाई प्रदेश में रोजगार, उत्पादन एवं निवेश के नए अवसर सृजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली है। “मेक इन इंडिया–मेक फॉर द वर्ल्ड” के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राजा भोज की धरती पर स्थापित होने वाली यह इकाई प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी।
डॉ. यादव ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से मध्यप्रदेश को लगभग 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि केवल इस वर्ष 1 जनवरी से 30 जून के बीच 76 हजार 862 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे करीब 82 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार बड़े औद्योगिक निवेश हो रहे हैं। हाल ही में शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की अडाणी डिफेंस यूनिट, उज्जैन में 1,250 करोड़ रुपये की पेप्सिको विनिर्माण इकाई, नीमच में 1,554 करोड़ रुपये की 38 नई औद्योगिक इकाइयों तथा सतगढ़ी में 150 करोड़ रुपये के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई यूनिट शुरू होने के बाद लियुगोंग इंडिया की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3,250 मशीनों से बढ़कर 7,500 मशीन हो जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में लियुगोंग इंडिया के ग्लोबल वाइस चेयरमैन ल्यू गोवेन ने कहा कि नया संयंत्र आधुनिक तकनीक से लैस होगा और यह अनुसंधान, नवाचार तथा निर्माण उपकरण उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं कंपनी के प्रतिनिधि वरुण विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनने से निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और कंपनी “मेक इन इंडिया” तथा “आत्मनिर्भर भारत” अभियान के तहत अपने विस्तार को आगे बढ़ा रही है।
नई औद्योगिक इकाई से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।