ग्राम बडऩगर पंचायत में आयोजित हुआ नशामुक्ति कार्यक्रम ग्रामीणों कि अनोखी पहल
- गांव में शराब पीकर आने वाले को 5100 सहित बेचने वालो को 11 हजार का अर्थदंड

नसरुल्लागंज – शनिवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत बडऩगर में एक अनोखी पहल की गई। जिसमें मप्र शासन द्वारा शुरु किये गए नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि आज के बाद गांव में कोई भी व्यक्ति नशे का सेवन नहीं करेगा। गांव में शराब पीकर आने वाले को 5100 रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा वहीं बेचने वालो को 11 हजार रुपए का अर्थदंड देना होगा। इसके अलावा ग्रामीणों के द्वारा समझाईश देने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति शराब बेचता या पीता हैं तो उसके खिलाफ पंचायत द्वारा कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती हैं। इसी पहल को शुरु करते हुए पहले दिन गांव की समस्त किराना व अन्य दुकानों पर 40 हजार रुपए कीमती के गुटखा-पाउच जब्त कर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से उसकी होली जलाई। इस दौरान दुकानदारों के नुकसान की भरपाई ग्राम पंचायत द्वारा की गई। साथ ही दुकानदारों को समझाईश दी गई कि यदि आज के बाद नशे से संबंधित कोई भी सामग्री दुकान से विक्रय की जाती हैं तो अर्थदंड की कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत बडऩगर में एसडीएम डी एस तोमर की अध्यक्षता में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई हैं। जिसे हम सब मिलकर दूर कर सकते हैं। विशेषकर युवाओं व नौजवानों को नशे की लत से दूर करने के लिए हमें बृहद स्तर पर अभियान चलाना होगा। पहले हम अपने गांव की व्यवस्थाओं को ठीक करेंगे ओर फिर दूसरे गांव के लोगों को इसका अनुशरण करने के लिए कहेंगे। वहीं गांव में स्वच्छता रखने के लिए भी संकल्प दिलाया गया।उन्होने कहा कि गांव की सफाई की जिम्मा सिर्फ ग्राम पंचायत का नहीं बल्कि प्रत्येक ग्रामीण का हैं। इसीलिए अपने घर के बाहर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें ओर घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए स्वंय के घर में सोख्ता गड्डा बनाये, जिससे सडक़ पर गंदगी ना हो।
- अब गांव में शराब पीकर आने पर देना होगा जुर्माना
ग्रामीणों ने बताया कि नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में संकल्प लिया गया कि अब बडऩगर ग्राम पंचायत व सम्मिलित गांव गिल्हरी में यदि कोई भी व्यक्ति नशा करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ अर्थदंड तो लगाया जायेगा साथ ही उसे कानूनी कार्रवाई से भी गुजरना पड़ सकता हैं। यहीं स्थिति दुकानों पर नशे की सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के साथ भी होगी। गांव में शराब पीकर आना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया हैं। यदि कोई भी इसके बावजूद भी गांव की मर्यादा व नियमों को भंग करता हैं तो पूरी पंचायत मिलकर संबंधित ग्रामीण से जहां 5100 व 11000 का जुर्माना वसूलेगी। वहीं पंचायत से उसका बहिष्कार भी किया जा सकता हैं।
- नशीले पदार्थो की जलाई सामूहिक होली
कार्यक्रम के उपरांत अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत के पदाधिकारी व महिलाएं रैली के रूप में पूरे गांव में घूमे। इस दौरान विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर गुटखा पाउच व अन्य नशीले पदार्थो को जब्त किया और उनकी सामूहिक होली जलाई। इस दोरान लोगों को नशे से दूर रहने व गांव में स्वच्छता बनाये रखने का संकल्प दिलाया गया। गांव में नशामुक्ति अभियान के लिए जागरूकता लाने के लिए समिति भी गठित की गई, जो समय-समय पर आकर दुकानों का निरीक्षण करेंगी ओर यदि कोई भी पंचायत के नियमों का उल्लंघन करता हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान ग्राम पंचायत द्वारा 40 हजार रुपए का भुगतान भी विभिन्न दुकानदारों को किया गया। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत अब यदि कोई भी व्यक्ति अपने घरों के सामने कचरा फेंकता है व घर का पानी सडक़ पर निकालता हैं तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से थाना प्रभारी गोपालपुर आरके व्यास, सरपंच रामभरोस पंवार, उप सरपंच जीवन सिंह विश्वकर्मा, जनपद सदस्य गजराज सिंह, शिक्षक बलराम पंवार, हुकुम सिंह पटेल, भानूप्रताप चौहान, कैलाश जाट, विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष व बच्चें शामिल थें।