मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है-मुख्यमंत्री श्री चौहान
जैत के गौरव दिवस पर लिए गए संकल्पो की पूर्ति की मुख्यमंत्री ने ली जानकारी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्राप्त आवेदनों का मंच से ही कराया निराकरण
खेल मैदान विकसित कर खेल प्रतियोगिताएं कराने के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

स्वसहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों से मुख्यमंत्री हुए रू-ब-रू
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है और मेरा मकसद है कि लोगो को दफ्तरों के चक्कर नही लगाना पड़े तथा पंचायत स्तर पर लगने वाले शिविर में उनको शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले। मुख्यमंत्री श्री चौहान गुरुवार को सीहोर जिले के जैत में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के शिविर में ग्रामीणों से अनौपचारिक संवाद कर रहे थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी पंचायत अपने गौरव दिवस की तारीख तय कर कार्यक्रम करें और सभी जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की जिंदगी बदलने का काम करें। उन्होंने कहा कि विकास के काम के साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ के लिए भी सभी मिलकर काम करे और लोगो की जिंदगी में बदलाव लाएं।

जैत के गौरव दिवस पर लिए गए संकल्पो की पूर्ति की मुख्यमंत्री ने ली जानकारीमुख्यमंत्री श्री चौहान ने जैत के गौरव दिवस पर लिए गए संकल्पो की पूर्ति की जानकारी ली। जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री चन्द्र मोहन ठाकुर ने बताया कि नर्मदा नदी पर 4 करोड़ 88 लाख की लागत से घाट बनाने का काम शुरू हो गया है। जैत के बायपास के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण का काम भी हो गया है। ग्राम के 80 प्रतिशत लोगो के आयुष्मान कार्ड बनने के साथ ही आवास प्लस में नाम जोड़े गए है। जैत में 15 स्वसहायता समूह बनाए गए है और समूहों को 70 लाख बैंक लिंकेज तथा प्रशिक्षण देकर रोजगार से भी जोड़ा है। गांव में स्वच्छता पर भी काफी काम हुआ है और शत-प्रतिशत घरों में शौचालय बनाए गए है। गांव में कचरा कलेक्शन के लिए नया वाहन भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आवेदनकर्ताओं से किया संवाद ग्राम जैत में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में जैत के अलावा सरदारनगर, मछवाई, डोबी, नारायणपुर और बोरना के ग्रामीण उपस्थित हुए। जनसेवा शिविर में 400 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 35 से अधिक आवेदनकर्ताओं से संवाद कर उनके प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने आवास आदि के प्रकरणों का त्वरित परीक्षण कर लाभ देने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वीकृत आवेदनकर्ताओं के हितग्राहियों से उनका कार्य होने या लाभ मिलने की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्राप्त आवेदनों का मंच से ही कराया निराकरण मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम पंचायतवार प्राप्त आवेदनों के स्वयं प्रकरण देखे और मंच से ही विभाग के अधिकारियों को बुलाकर निराकरण करवाया। उन्होंने उद्यम क्रांति योजना सहित रोजगार योजनाओं में भी युवाओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। आवेदनों की समीक्षा में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि किसानों को उपार्जित धान का पैसा दिलाया जाए। उन्होंने बिजली की उपलब्धता के सर्वेक्षण कर खंबे आदि लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबल सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की सिंचाई के लिए 24 गांव में व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने बताया कि 102 करोड़ की सिंचाई योजना स्वीकृत की गई है।
खेल मैदान विकसित कर खेल प्रतियोगिताएं कराने के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देशमुख्यमंत्री श्री चौहान ने बच्चो के आवेदन पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि खेल मैदान विकसित करने के साथ ही नवंबर और दिसंबर में खेल प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएं। उन्होंने कुमारी नीतू साहू को अनुकम्पा नियुक्ति देने के संभाग आयुक्त को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार पर रोक लगाए जाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में सख्ती से इस कारोबार को रोके। उन्होंने अपराध पर नियंत्रण के भी पुलिस को निर्देश दिए।
स्वसहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों से मुख्यमंत्री हुए रू-ब-रूमुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गृह ग्राम जैत मे तब काफी संतुष्ट हो गए जब उन्होंने स्वहायता समूह की दीदियों के कस्टम हायर सेंटर और सिलाई केंद्र सहित अन्य संचालित गतिविधियों से रु-ब-रू हुए। मुख्यमंत्री ने जनसेवा मंच से ही इन महिलाओं की सफलता की कहानी खुद सुनी और सबको सुनवाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गंगा स्व सहायता समूह द्वारा चलाए जा रहे कस्टम हायरिंग सेंटर को ट्रैक्टर प्रदान किया। उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटर की गतिविधियों की जानकारी लीl इसके अलावा मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला स्व सहायता समूह के एकता सिलाई केंद्र का अवलोकन किया और दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा बनाया गया जैकेट भी खरीदा। कस्टम हायरिंग तथा एकता सिलाई केंद्र की दीदी रानू तथा प्रियंका जाट ने समूह के माध्यम से 10 हजार रुपए महीने से अधिक आमदनी होने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति स्थिति बेहतर होने के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला स्व सहायता समूह की बहनों की प्रगति का उदाहरण देते हुए सभी महिलाओं को समूह से जुड़कर छोटी-छोटी आर्थिक गतिविधियां संचालित करने के लिए कहा। जनसेवा शिविर में सांसद श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जनसेवा शिविर में कलेक्टर ने दी विकास कार्यों की जानकारीमुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत आयोजित जनसेवा शिविर में कलेक्ट चन्द्र मोहन ठाकुर ने ग्राम पंचायत जैत में किए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री श्री चौहान को दी। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों को गांव के बाहर से ही निकालने के लिए ग्राम जैत से बाहर बायपास रोड के लिए तीन करोड़ 85 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। गांव में उप स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पशु चिकित्सालय, सामुदायिक भवन तथा सोसायटी के खाद बीज के लिए गोदाम की भी स्वीकृति हो चुकी है। इन भवनों को बनाने के लिए ग्रामीण द्वारा दी गई चार एकड़ जमीन का 65 लाख का भू अर्जन भी हो चुका है। इस माह में वह पूरी जमीन शासकीय आबंटित हो जाएगी। उन्होंने बताया कि यह चारों भवन एक ही स्थान पर बनाए जाएंगे। पंचायत भवन में एक अतिरिक्त कक्ष के लिए 16 लाख 65 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा खेड़ापति मंदिर का 45 लाख रूपए की राशि से जीर्णोंद्धार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत जैत में रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए 15 स्वसहायता समूहों का गठन किया गया है और समूहों को 70 लाख बैंक लिंकेज तथा प्रशिक्षण देकर रोजगार से भी जोड़ा गया है। स्वच्छता को दृष्टिगत रखते हुए गांव में 34 नए शौचालय बनाए गए है और घर घर से कचरा इकट्ठा करने के लिए एक कचरा गाड़ी और भी ग्राम जैत को प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही गांव में अनेक स्थानों पर 20 बड़े डस्टबिन रखे गए है। गांव में पुरानी बिजली की लाइन को बदलते हुए 11 किलोवॉट का नया फीडर लगाया गया है और दो नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत हुए है। कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि पुराने और नए घाट के बीच एक और घाट के लिए 4 करोड़ 88 लाख रूपए तथा पुराने एवं नए घाट के सौंदर्यीकरण के लिए तीन करोड़ 45 लाख रूपए स्वीकृत किए गए है। उन्होंने बताया कि ग्राम जैत के बच्चों को कुपोषण मुक्त करने के लिए किए गए प्रयास सार्थक हुए है। गांव की आंगनबाड़ी में 0 से 5 वर्ष के 111 बच्चे है। जिसमें पिछले 6 माह में दो बच्चे अधिक गंभीर कुपोषित थे और 7 बच्चे गंभीर कुपोषित थे। लगातार प्रयास के बाद आज सभी 111 बच्चे सामान्य श्रेणी में आ चुके है और कोई भी बच्चा अब कुपोषित नही है। पेयजल के लिए गांव में 6 लाख लीटर की एक अतिरिक्त टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। ग्राम जैत के छात्र-छात्राओं को दसवीं का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है। जैत के 5 विद्यार्थियों को मेधावी योजना के तहत लेपटॉप की राशि प्रदान की गई है। गत दिनों ग्राम जैत में लगाए गए मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में जैत सहित आसपास की पंचायतों के 329 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमे से 216 स्वीकृत किए गए थे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि में पूर्व में 181 नाम है और चार नए आवेदनकर्ताओं के नाम जोड़े गए है। इसी प्रकार नामांतरण के 27, बटवारें के 6 तथा सीमांकन के 7 आवेदन आए थे, जिनका निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि ग्राम के 80 प्रतिशत लोगो के आयुष्मान कार्ड बनने के साथ ही आवास प्लस में नाम जोड़े गए है।