शहर को साफ और शहर स्वच्छ बनाने में सफाई सेवकों का योगदान महत्वपूर्ण है- अध्यक्ष प्रिंस राठौर
सीहोर नगर के गौरव दिवस के उपलक्ष्य में सफाई सेवकों की संगोष्ठी आयोजित
सीहोर नगर का गौरव दिवस 29 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सीहोर नगर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में स्थानीय टाउन हॉल में सफाई सेवकों की संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी सफाई सेवकों को फूल माला पहनाकर उनका सम्मान किया। सीहोर नगर के गौरव दिवस के दिन 29 नवंबर को आयोजित गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने सफाई सेवकों की संगोष्ठी में आए सीहोर नगर के सभी सफाई सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सफाई सेवकों द्वारा शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रतिदिन शहर के हर एक वार्ड, गली, मोहल्ले की साफ-सफाई की जाती है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई सेवकों का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीहोर स्वच्छता की रैंकिंग में 68 वें स्थान पर आया है, तो यह सिर्फ सफाई सेवकों की बदौलत ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सफाई सेवकों द्वारा नियमित साफ-सफाई से शहर में स्वच्छता तो बनी रहती ही है, वहीं गंदगी के कारण फैलने वाली अनेक बीमारियों से भी शहरवासियों को निजात मिलती है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने में शहरवासियों की भी महती भूमिका है। उन्होंने सभी शहरवासियों से कचरे को इधर-उधर नही फेकते हुए डस्टबिन का प्रयोग करने और शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान देने की अपील की। नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पालिका अमले द्वारा 28 नवंबर को दोपहर 3 बजे से स्वच्छता मार्च निकाली जाएगी। यह मार्च राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर धर्मशाला से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए तिलक पार्क में समाप्त होगी। कार्यक्रम में नगर पालिका सीएमओ श्री योगेन्द्र पटेल ने सीहोर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में अनेक वार्ड के पार्षदों ने भी संबोधित किया।

