आदिवासी बाहुल्य गांवों में कानून के प्रति किया जा रहा जागरूक
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री आरएन चंद के निर्देश पर आदिवासी बाहुल्य ग्राम खारी और आंवलीखेडा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिलाओं के विरूद्ध हिंसा एवं भेदभाव को समाप्त किये जाने के लिए जागरूक किया गया।

जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार दांगी ने 25 नवंबर से 10 दिसम्बर तक महिलाओं के विरूद्ध हिंसा और भेदभाव को समाप्त किये जाने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का लक्ष्य महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों और सम्मान को बनाये रखने की दिशा में व्यवहार परिवर्तन को प्रेरित करना है। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के हितार्थ कानूनों एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनीस उद्दीन अब्बासी ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना, मध्यप्रदेश अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना 2015, लोक अदालत एवं मध्यस्थता योजना के बारे में जानकारी दी। सामाजिक न्याय विभाग के डॉ. धर्मेन्द्र ताम्रकार ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।