भागवत भूषण प्रदीप मिश्रा का मंत्र बना श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्रश्री शिवाय नमस्तुभ्यं मंत्र बना श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी पाइंट, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने विधि-विधान से किया शुभांरभ
सीहोर। शहर का नाम विश्व पटल में रोशन करने वाले शहर की आन, बान और शान भागवत भूषण के द्वारा प्रदान किए गए महामंत्र श्री शिवाय नमस्तुभ्यं मंत्र की महिमा से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के कष्ट दूर हो रहे है, इस मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने एक नई पहल की है। भोपाल मार्ग पर स्थित रविन्द्र सांस्कृतिक भवन टाउन हॉल के सामने स्थानीय कलाकारों के द्वारा मंत्र को पूरे सम्मान के साथ एलईडी लाइट लगाकर आकर्षण का केन्द्र बना दिया है। गुरुवार को इसका शुभारंभ किया गया। इस मौके पर नपाध्यक्ष श्री राठौर ने बताया कि भागवत भूषण पंडित श्री मिश्रा ने हमारे शहर को विश्व में पहचान दी है, उनके सम्मान में परिषद के द्वारा अनेक सौगात दी जाएगी। शहर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चौराहे-तिराहे पर कुबेरेश्वरधाम के साइन बोर्ड आदि लगाए जाऐंगे। गुरुवार को मंत्र श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया है, बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आकर सेल्फी ले रहे है और यह सेल्फी पॉइन्ट श्रद्धालुओं को खूब भा रहा है और यहां पर आकर श्रद्धालु इस मंत्र का जाप भी कर रहे है। शुभारंभ अवसर पर नपाध्यक्ष श्री राठौर के साथ नगर पालिका सीएमओ योगेन्द्र पटेल, समस्त पार्षद और क्षेत्रवासी मौजूद थे।
महामंत्र के साथ ली जा रही सेल्फी, जाप भी कर रहे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार भागवत भूषण के द्वारा बताया गया यह मंत्र श्रद्धालुओं के कष्टों का निवारण कर रहा है। इसके बारे में सारी पूजन विधि और प्रक्रिया शिव पुराण में उल्लेखित है। भगवान शंभू को प्रसन्न करने के लिए एक महामंत्र या बीज मंत्र भी दिया गया है जिसे श्री शिवाय नमस्तुभ्यं मंत्र के नाम से भी जाना जाता है।
पूर्व में भी टीम संडे का सुकून ने की थी पहल
बड़े नगरों की तरह अब सीहोर नगर में भी सेल्फी पॉइंट बन गया है, यह भोपाल मार्ग पर स्थित रविन्द्र सांस्कृतिक भवन टाउन हॉल के सामने बनाया गया है। नगर के स्वच्छता रैंकिंग बढ़ाने के लिए नगर पालिका प्रशासन तो प्रयास कर ही रहा है अब अनेक संस्था भी इससे जुड़ने लगी है। सामाजिक सेवा के लिए पहचाने जाने वाले नाम टीम संडे को सुकून, जो सीहोर शहर को सुंदर बनाने के लिए हर बार कोई बेहतर प्रयास करती है चाहे वह सीहोर में हरे भरे पेड़ लगाना हो या वह अन्य साफ सफाई के काम, टीम संडे का सुकून ने अपने व्यय से सीहोर के मध्य में एक सुंदर सेल्फी बोर्ड स्थापित किया है जो लंबे समय से शहरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र है। इसके साथ ही नगर पालिका के द्वारा मंत्र श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केन्द्र बना।

