मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र के रूप में जिले में नवाचार मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र विद्यार्थियों की कमियों को दूरकर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने में सहायक होगा
जिले में 60 मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्रों से 98 स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में विधायक राय ने किया मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ

आष्टा में मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का विधायक तथा जिला पंचायत ने किया शुभारंभ

इछावर में विधायक वर्मा ने किया मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ

जिले में कक्षा दसवीं एवं बाहरवीं के छात्र-छात्राओं के बोर्ड परीक्षा के शत-प्रतिशत परिणाम लाने के लिए कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह द्वारा नवाचार के रूप में मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र प्रारंभ किए गए है। विद्यालय समय के बाद अतिरिक्त अध्ययन कराकर छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने और एकाग्रता के वातावरण में अध्ययन कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अध्ययन केंद्रों की स्थापना की गई है।जिले में 60 मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र शुरू किए गए है। इन अध्ययन केन्द्रों से 98 स्कूलों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र छात्र-छात्राओं की कमियों और कठिनाईयों को दूरकर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने में सार्थक होगा।
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सीहोर में पाँच तथा पूरे जिले में 60 मुख्यमंत्री अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिसमें 98 स्कूलों के छात्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन अध्ययन केंद्रों का समय प्रातः 8:00 से 10:00 बजे एवं शाम 5:00 बजे से 8:00 बजे तक रहेगा तथा आवश्यकतानुसार समय बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री अध्ययन केंद्र में ऐसे छात्र भी अध्ययन कर सकेंगे जो घर में स्थान की कमी या अन्य व्यवधान के कारण पढ़ नहीं पाते। इन छात्रों की माह में दो दिन काउंसलिंग की जाएगी ताकि वह परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयारी कर सकें।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में यह अध्ययन केन्द्र विकासखण्ड स्तर पर सभी उत्कृष्ट विद्यालयों, सीएम राइज विद्यालयों, संकुल केन्द्रों तथा तहसील स्तर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित किए गए है। आवश्यकता होने पर तहसील एवं विकासखण्ड स्तर से नीचे के ग्रामों में भी मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र प्रारंभ किए जाएंगे।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का विधायक राय ने किया शुभारंभ
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का विधायक श्री सुदेश राय ने शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री राय ने कहा कि मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र जिले में एक नवाचार के रूप में प्रारंभ किया गया है, जिसका लाभ जिले में कक्षा 10वीं एवं 12 वीं के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र के माध्यम से छात्रों को परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने में सहायता मिलेगी। अतिरिक्त अध्ययन कर छात्र और बेहतर तरीके से अपने विषयों को समझ पाएंगे और निश्चित ही भविष्य में इसके सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।
आष्टा में मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का विधायक तथा जिला पंचायतअध्यक्ष ने किया शुभारंभ
शासकीय सीएम राइज विद्यालय आष्टा में विधायक श्री रघुनाथ मालवीय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणामों में सुधार करने के लिए तथा शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने के लिए यह एक अच्छी पहल है। इससे छात्रों को खुद में सुधार करने का अवसर मिलेगा और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलने से छात्रों की शैक्षणिक योग्यता का विकास होगा।
इसके पूर्व विद्यालय में युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयेाजित किया गया। जिसमें सभी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने सूर्य नमस्कार किया। इस अवसर पर आष्टा एसडीएम श्री आनन्द सिंह रजावत, प्राचार्य मोहम्मद सितवत उल्लाह खान सहित शैक्षणिक स्टॉफ उपस्थित था।
इछावर में विधायक श्री वर्मा ने किया मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ
इछावर में मुंख्यमंत्री अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ इछावर विधायक श्री करण सिंह वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अध्ययन केन्द्रों के रूप में छात्र-छात्राओं को स्कूल समय के बाद अतिरिक्त पढ़ाई करने का एक अच्छा अवसर मिलेगा। छात्र-छात्राएं जब ज्यादा समय पढ़ाई को देंगे तो उनका आत्मविश्वास भी बढे़गा और वह बेहतर ढंग से परीक्षा दे पाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम श्री विष्णु यादव सहित शैक्षणिक स्टॉफ उपस्थित था।