August 3, 2026

356 सैनिकों की शहादत को अमर रखने शहीद स्थल का होगा समग्र विकास – विधायक राय. शहीद स्थल को पवित्र स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा- कलेक्टर सिंह

0
img_8044


सैकड़खेड़ी स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 356 सैनिकों ने सीहोर में 14 जनवरी 1858 को अपने प्राणों की आहुति दी थी। सैनिकों के शहादत स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, कलेक्टर प्रवीण सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, एसडीएम अमन मिश्रा, समाजसेवी ओमदीप सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस अवसर पर विधायक सुदेश राय ने अमर शहीदों का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी शहादत को अमर बनाए रखने के लिए इस स्थल का समग्र विकास किया जाएगा। यहां सामुदायिक भवन से लेकर सभी आवश्यक निर्माण एवं विकास के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप इस स्थल को बनाया जाएगा। विधायक श्री राय ने 356 सैनिको की शहादत पर प्रकाश डालते हुए उस समय बनायी गयी सिपाही बहादुर सरकार का उल्लेख किया।

शहीद स्थल को पवित्र स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा- कलेक्टर श्री सिंह


श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने कहा कि शहीद स्थल के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इस स्थल को एक पवित्र और गरिमापूर्ण स्थल के रूप में बनाना है। ताकि सीहोर ही नहीं बल्कि दूर-दूर से इस स्थल को देखने बच्चे, बूढ़े सहित बड़ी संख्या में नागरिक आएं और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर जाएं। उन्होंने कहा कि सीहोर की इस घटना को आजादी के इतिहास में जलियांवाला बाग नरसंहार की संज्ञा दी गई है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग की पवित्रता और गरिमा की भांति ही सीहोर के शहीद स्थल को विकसित किया जाएगा।


कलेक्टर प्रवीण सिंह ने कहा कि शहीद स्थल के विकास की सभी की सहमति से कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस स्थान को ऐसे विकसित किया जाएगा कि यहां आने वाले लोग उन 356 आजादी के मतवालों के त्याग और बलिदान को जान सकें और देश के लिए कुछ करने का संकल्प लेकर जाएं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और समाजसेवी ओमदीप ने भी 356 सैनिकों की शहादत पर प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक एवं बच्चे उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!