पूरी मेहनत से करें काम, सफलता जरूर मिलेगी: मेघा परमार
अगर आप कामयाब होना चाहते हैं तो आपके अंदर कामयाबी का जुनून होना चाहिए
सीहोर। पूरी मेहनत से कोई भी काम करें तो सफलता अवश्य मिलती है। इस समय बच्चों की परीक्षाएं नजदीक हैं इसलिए बच्चों को पढ़ाई पर पूरा फोकस करना चाहिए। इसके लिए पूरे विद्यालय परिवार के शिक्षक आपके साथ हैं, जो हर समस्या के समाधान के लिए हर समय आपके साथ हैं।
यह बात सीएम राइज शासकीय उमावि बिलकिसगंज में सृजन उत्सव कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पर्वतारोही माउंट एवरेस्ट विजेता और सीहोर की बेटी मेघा परमार ने मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। मेघा ने छात्र-छात्राओंं में जोश भरते हुए कहा कि अगर आप कामयाब होना चाहते हैं तो आपके अंदर कामयाबी का जुनून होना चाहिए। आपका जुनून आपसे वह सब कराता है, जिसे आप करने के बारे में कभी सोच भी नहीं सकते। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य पवन शर्मा ने छात्र-छात्राओं को उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ ही उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे रहना चाहिए। इससे अपने आप में आत्म विश्वास बढ़ता है। सृजन उत्सव कार्यक्रम भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
सीएम राइज शासकीय उमावि बिलकिसगंज मे सृजन उत्सव कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसे देखकर अतिथि और अभिभावकों तालियां बजाने और प्रशंसा करने पर मजबूर हो गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पवन शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को प्रशंसा पत्र दिए। वहीं विद्यालय के शिक्षकों को भी अच्छे कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र दिए। विद्यार्थियों को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार भी बांटे गए। इस अवसर पर समस्त विद्यालय सीएम राइज विद्यालय स्टाफ, पालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के विभिन्न गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसकी अभिभावकों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
