गणगौर पर्व हर्षोल्लास व भक्ति के साथ मनाया, लगातार निकाला जाएगा चल समारोह
सीहोर। हर साल की तरह इस साल भी सर्व महिला मंडलों के तत्वाधान में गणगौर पर्व हर्षोल्लास व भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गणगौर को पानी पिलाया गया व झाले दिए गए। पर्व के तहत महिलाओं ने सोलह श्रृंगार के साथ गणगौर माता की पूजा-अर्चना कर घर में सुख-समृद्घि व पति की लंबी आयु की कामना की। इस संबंध में जानकारी देते हुए अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को शहर के मेन रोड पर नारायण पैलेस तक चल समारोह निकाला गया था। यहां पर महिलाओं ने प्रतिमाओं की पूजा -अर्चना की व गणगौर को पानी पिलाकर झाले दिए। अंत में सामूहिक झाले दिए गए। साथ ही दोहे व गीत गाते हुए विभिन्न आयोजन हुए। शोभायात्रा के दौरान बालिका दूल्हा-दुल्हन के वेष में शामिल थी।
अध्यक्ष श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को शाम को शहर के अग्रवाल पंचायत से चल समारोह के रूप में महिलाओं के समूह द्वारा शहर के तहसील चौराहा स्थित मानक बाग में भव्य आयोजन किया जाएगा। जहां पर श्रीमती ज्योति विवेक रुठिया के बाग में उक्त आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर महिलाओं के द्वारा सामुहिक रूप से पूजा अर्चना की जाएगी और उसके पश्चात प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर महिलाओं ने सभी समाज की महिलाओं से चल समारोह में शामिल होने की अपील की है।
