सुरक्षित सीहोर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स और अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया सम्मानितबेहतर परिणामों के लिए टीम वर्क जरूरी-कलेक्टर प्रवीण सिंह.
सुरक्षित सीहोर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 बैंक प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

उत्कृष्ट बैंकर का अवार्ड एसबीआई नसरूल्लागंज के प्रबंधक पीएम झा को प्रदान किया गया
एक लाख से अधिक नागरिकों का सुरक्षा बीमा कराने पर जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएन यादव को सम्मानित किया गया

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित विशेष डीएलसीसी में कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हर्ष सिंह ने सुरक्षित सीहोर अभियान तथा विभिन्न योजनाओं के निष्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स तथा जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि बैंकर्स एवं जिला प्रशासन ने मिलकर सीहोर जिले के दो लाख 25 हजार नागरिकों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा कराने वाला देश का पहला नगर शाहगंज को बनाने के लिए शाहगंज के बैंकर्स और अधिकारी-कर्मचारियों की टीम को विशेष रूप से बधाई दी।
कलेक्टर सिंह ने सभी योजनाओं के बेहतर निष्पादन के लिए उत्कृष्ट बैंकर अवार्ड स्टेट बैंक ऑफ नसरूल्लागंज के प्रबंधक पीएम झा को प्रदान किया। सुरक्षित सीहोर अभियान के तहत एक लाख से अधिक नागरिकों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा कराने के लिए जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएन यादव को सम्मानित किया गया। साथ ही सुरक्षित सीहोर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए एलडीएम एचआर झावरे को भी सम्मानित किया गया।
बेहतर परिणामों के लिए टीम वर्क जरूरी-कलेक्टर प्रवीण सिंह
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर परिणामों के लिए टीम वर्क जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनसेवा का कोई भी कार्य एक टीम वर्क के रूप में किया जाए तो न केवल सफलता मिलती है, बल्कि खुद को भी संतुष्टि मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा जिले में उन व्यक्तियों का किया गया है, जो इस बीमा योजना को लेकर जागरूक नही थे और उन्हें इतनी कम प्रीमियम वाली बीमा के फायदे की जानकारी भी नही थी। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों का हमने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा कराया है, उनके लिए यह संकट काल में बहुत मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिले में दो लाख 25 हजार लोगो का बीमा कराना टीम वर्क के रूप में काम करने से ही संभव हुआ है।
कलेक्टर सिंह ने सभी बैंकर्स एवं अधिकारियों से अपेक्षा की है कि जिस तरह से उन्होंने सुरक्षित सीहोर अभियान के तहत समन्वित रूप से कार्य किया है। वह आगामी वित्तीय वर्ष में भी इसी प्रकार एक टीम के रूप में अनेक रोजगार-स्वरोजगार तथा कल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोगो को लाभान्वित करने के लिए कार्य करेंगे।
उत्कृष्ट बैंकर अवार्ड प्रारंभ
जिले में विभिन्न योजनाओं के निष्पादन में बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा समय से पहले लक्ष्य पूर्ति हेतु प्रोत्साहित करने के लिए उत्कृष्ट बैंकर अवार्ड प्रारंभ किया गया है। जिलेभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्वश्रेष्ठ बैंक को उत्कृष्ट बैंकर अवार्ड प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष यह पुरस्कार स्टेट बैंक ऑफ नसरूल्लागंज के प्रबंधक श्री पीएम झा को प्रदान किया गया है।
बैंकों में लाडली बहना योजना के कार्य के लिए पृथक काउण्टर
कलेक्टर सिंह ने कहा कि लाडली बहना योजना महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत 25 मार्च से फॉर्म भराना प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपनी बैंकों में एक काउण्टर अथवा कैबिन लाडली बहना योजना के कार्य के लिए बनाए। ताकि बैंक में आने वाली महिलाओं को बैंक संबंधी कार्य कराने में आसानी हो। इससे महिलाओं को ई-केवाईसी, आधार लिकिंग एवं डीबीटी जैसे कार्यों में परेशानी न आए। इसके साथ ही उन्होंने बैंक में आने वाली महिलाओं के लिए स्वागत करने वाला वेलकम फ्लेक्स, बैनर तथा बोर्ड लगाने के लिए सभी बैंकर्स से कहा।