मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता को देखा और सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान उन्होंने तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सांसद रमाकांत भार्गव, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान ने 23 मई 2022 को सलकनपुर में 43 करोड़ 69 लाख 72 हजार रूपए के अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन किया था। जिसमें 06 करोड़ 41 लाख रूपए की लागत से देवीधाम सलकनपुर में शिव मंदिर के समीप पार्किंग तथा शिव मंदिर के विभिन्न विकास कार्य, 16 करोड 99 लाख रूपए की लागत से मंदिर परिसर का विकास एवं सौन्दर्यीकरण तथा भोजशाला एवं सूर्य द्वार का नवीनीकरण, 11 करोड़ 55 लाख रूपए की लागत से मेला ग्राउण्ड का विकास, सिंह द्वार का विस्तार कार्य एवं सरोवर का सौन्दर्यीकरण कार्य तथा 08 करोड़ 74 रूपए की लागत से 125 नवीन दुकानों का निर्माण एवं 06 भव्य प्रवेश द्वारों के निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रेमबाई को फूलमाला पहनाकर गले से लगाया

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर मंदिर प्रांगण में फूलों की दुकान लगाने वाली प्रेमबाई से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य संबंधी हाल-चाल जाना। उन्होंने प्रेमबाई को फूलमाला पहनाकर गले से लगाया। इस दौरान प्रेमबाई भाव विभोर हो गई। सलकनपुर निवासी प्रेमबाई सलकनपुर मंदिर के प्रवेश द्वार पर फूलों की दुकान लगाती है।