डोडा चूरा बेचने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा – मौके से नगदी 9500 रुपए की बनाई जब्ती
नसरुल्लागंज
बीते २६ जून को नगर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए मादक पदार्थो का विक्रय करने वाले लोगों की धरपकड़ शुरु की गई थी, जिसमें पुलिस को सूचना मिली थी कि इछावर की ओर से आ रही एक सफदे रंग की बिना नंबर की टिआगो कार में अवैध डोडाचूरे को बेचने के लिए लाया जा रहा हैं। पुलिस ने झाली-भिलाई रोड पर घेराबंदी कर जब वाहन की जांच की तो पुलिस बड़ी सफलता हाथ लगी थी। इस दौरान पुलिस ने १ लाख २३ हजार रुपए का डोडाचूरा के साथ आरोपी शंकरलाल पिता दौलतराम जाति टेलर उम्र ४५ नि. गांव पाडलिया, मदन सिंह पिता कालू सिंह सोंधिया ३५ वर्ष निवासी गांव जेताखेड़ी थाना गंगधार जिला झालावड़, दीपक मेवाड़ा निवासी छापरी थाना इछावर को मौके से गिरफ्तार किया था। इस मामले में एक अन्य आरोपी रघुवीर पिता नारायण सिंह राजपूत उम्र २७ निवासी गांव काचरिया थाना सितामऊ जिला मंदसौर फरार चल रहा था। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर एक टीम का गठन किया गया था। मंदसौर पुलिस की मदद से पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को ठिकाने पर पहुंची जहां आरोपी घर पर छिपा बैठा मिला। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका ओर पुलिस ने उसे गिरफ्त में ले लिया।
गांव में ही होती है अफीम की खेती, खेतो से बिनकर किया था डोडा इकट्ठा
एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में एसडीओपी आकाश अमलकर के मार्गदर्शन व थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस की छापामार कार्रवाई में पकड़ाए गए फरार आरोपी रघुवीर पिता नारायण सिंह ने बताया कि उसके गांव में ही अफीम की खेती होती हैं। उसने गांव के खेतो में जाकर डोडा चूरा बिनकर ४१ किलो एकत्रित किया था। जिसे उसने पूर्व से परिचित आरोपी शंकरलाल पिता दौलतराम टेलर, मदन सिंह पिता कालू सिंह सोंधिया को ४१ हजार रुपए नगद में बेचा था। पुलिस ने आरोपी के पास से बचे हुए ९५०० रुपए भी जब्त किये हैं। शेष राशि आरोपी ने खर्च करना बताई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने इसके अलावा अवैध डोडाचूरा ओर किसे बेचा है इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही हैं।