सलकनपुर मंदिर परिसर तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित केवल शनिवार एवं रविवार को सभी प्रकार के वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे
देवी लोक के निर्माण कार्य को दृष्टिगत रखते हुए 18 जनवरी से 17 फरवरी तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित सलकनपुर में चल रहे देवी लोक निर्माण कार्य को दृष्टिगत रखते हुए 18 जनवरी से 17 फरवरी तक सलकनपुर मंदिर तक प्रवेश द्वार क्रमांक 01 से वाहनों का अवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। केवल निर्माण कार्य में संलग्न एवं शासकीय वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा सलकनपुर मंदिर परिसर में देवी लोक का निर्माण कार्य प्रगतिरत् होने के कारण लगातार मटेरियल शिफ्टिंग पत्थरों की मुर्ति, कॉलम एवं अन्य सामग्री के निरंतर परिवहन को दृष्टिगत रखते हुए जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष तिवारी द्वारा धारा 144 के अंतर्गत यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। मंदिर परिसर तक वाहनों का प्रतिबंध सोमवार से शुक्रवार तक लागू रहेगा। शनिवार एवं रविवार को सभी प्रकार के वाहन मंदिर परिसर तक जा सकेंगे। इसके साथ ही किसी विशेष पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन के द्वारा मंदिर तक वाहनों के प्रवेश में छूट प्रदान की जायेगी।
