भव्य शोभायात्रा के साथ में नव कुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ का शुभारंभ
सीहोर जिले की रेहटी तहसील के रमगड़ा स्थित प्रसिद्ध तीर्थ रूद्रधाम में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा के साथ में नव कुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा रुद्रधाम से लेकर रमगढा तक ढोल बाजे, डीजे के साथ में निकाली गई। शोभायात्रा में क्षेत्र के आसपास की महिलाएं लाल रंग की साड़ियों में अपने सर पर कलश लेकर चल रही थी तो वहीं पुरुषों ने भी कुर्ता पजामा पहनकर इस शोभायात्रा में शिरकत की। इस दौरान 1008 श्री परमहंस जी महाराज रथ पर सवार होकर चले। इस नवकुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन 1008 श्री परमहंस जी महाराज एवं श्री बजरंगगिरि जी महाराज के सानिध्य में पिछले 24 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष भी 4 मार्च से 10 मार्च तक चलने वाले इस नवकुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ में 11 लाख शिवलिंगों का निर्माण एवं उनका रोजाना अभिषेक और पूजन की जाएगी। इस दौरान पंडित तरुण तिवारी जी द्वारा व्यास पीठ से श्रीराम कथा श्रवण कराई जाएगी। इसके साथ ही अन्य ब्राह्मणों द्वारा नर्मदा पुराण, शिव पुराण, श्रीमदभागवत पुराण सहित अन्य पुराणों का भी वाचन किया जाएगा। महायज्ञ के दौरान यहां पर प्रतिदिन सुबह शिवलिंग निर्माण किए जाएंगे तो वही उनका अभिषेक पूजन के बाद आरती होगी और प्रसादी वितरण किया जाएगा। यह बता दें कि रमघड़ा स्थित रूद्रधाम पर पिछले लगातार 24 वर्षों से नव कुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्र सहित दूर-दूर से श्रद्धालु भक्त यहां आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंचते हैं।


