विदिशा संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन के लिए दो अभ्यर्थियों ने जमा किये नाम निर्देशन पत्र
सीहोर,
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी लोकसभा आम निर्वाचन-2024 कार्यक्रम अनुसार तृतीय चरण में संसदीय क्षेत्र-18 विदिशा के निर्वाचन के लिए 12 अप्रैल 2024 को अधिसूचना जारी होने के साथ ही कलेक्ट्रेट कार्यालय रायसेन में न्यायालय कलेक्टर कक्ष क्रमांक-2 में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नाम निर्देशन प्राप्ति के पहले दिन 12 अप्रैल को रिटर्निंग अधिकारी श्री अरविंद दुबे के समक्ष दो अभ्यर्थियों, इंडियन नेशनल कॉंग्रेस के अभ्यर्थी प्रतापभानु शर्मा तथा निर्दलीय अभ्यर्थी मो. तलत खान तलत द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए हैं।
नाम निर्देशन पत्र जमा करने वाले अभ्यर्थियों के शपथ पत्र प्रारूप-26 का प्रदर्शन जनसामान्य के अवलोकन के लिए विदिशा संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के सूचना पटल तथा विदिशा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सभी आठ विधानसभा सेगमेंट के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों के शपथ पत्र भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर भी देखे जा सकते हैं।
संसदीय क्षेत्र 18-विदिशा के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र 12 अप्रैल से 19 अप्रैल 2024 तक प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक प्राप्त किए जा रहे हैं। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल 2024 को अपरान्ह 03 बजे तक है तथा नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 20 अप्रैल 2024 को की जाएगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2024 निर्धारित की गई है। संसदीय क्षेत्र 18-विदिशा के निर्वाचन के लिए मतदान 07 मई 2024 को होगा तथा मतगणना 04 जून 2024 को की जाएगी।