हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने आमजन को अभियान से जोड़ने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
सीहोर 01 अगस्त 2022

आजादी का अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने जिले में चल रही तैयारियों की जनपदवार समीक्षा की। इस अभियान के तहत 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए अपने घरो, कार्यालयों, सस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
कलेक्टर ठाकुर ने जिले में दो लाख 58 हजार तिरंगे झण्डे के विक्रय के लिए जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में विक्रय केन्द्र बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अपने निकट ही प्राप्त हो जाएं। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ठाकुर ने संस्कृति विभाग से प्राप्त राष्ट्रीय ध्वजों के अलावा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराकर, विक्रय केन्द्रों के माध्यम से अधिक से अधिक विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ध्वज के विक्रय के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत की शासकीय उचित मूल्य राशन दुकानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, बैंको के साथ ही नगरीय क्षेत्रों एवं कस्बों के बाजार तथा बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन वाले स्थानों में विक्रय केन्द्र बनाये जा रहे हैं।