सावन के तीसरे सोमवार को निकली शिवपालकी यात्रा, गूंजे बम…बम…भोले के जयकारेमहाकाल की तर्ज पर निकाली गई भव्य शिव पालकी यात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत
सीहोर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी सोमवार को सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वाधान में निकाली जाने वाली शिव पालकी यात्रा इस वर्ष आस्था और उत्साह के साथ महाकाल की तर्ज पर निकाली गई। इस पालकी यात्रा में उज्जैन से आई टीम ने महाकाल की महा आरती के साथ शहर के कोतवाली चौराहे से शुभारंभ किया। यात्रा कोतवाली चौराहा, नमक चौराहा, चरखा लाइन, बड़ा बाजार होते हुए तहसील चौराहे स्थित मनकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची जहां पर भगवान महाकाल का विशेष अनुष्ठान के बाद बाबा सिद्ध महादेव मंदिर में समापन किया।
इस मौके पर पालकी यात्रा समिति के अध्यक्ष युव समाजसेवी राजकुमार जायसवाल, संस्थापक किशोर कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। पालकी यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शहर के जिस रास्ते से पालकी यात्रा निकली, वह रास्ता बम…बम… भोले के जयकारों से गूंजने लगा। मनकामेश्वर मंदिर पर आरती के बाद शिवपालकी यात्रा फिर से सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती, महाप्रसादी वितरण किया गया। पालकी यात्रा को लेकर शहर सहित आस-पास के क्षेत्र में सुबह आस्था और उत्साह का संचार था। दोपहर तीन बजे शहर के कोतवाली चौराहे से पूरे उत्साह के साथ पालकी यात्रा निकाली गई। इस मौके पर बाबा बर्फानी की झांकी के अलावा भगववान भोलेनाथ की पालकी आकर्षक पालकी सजाई गई थी।
भगवान भोलेनाथ की अनेक स्थानों पर पूजा अर्चना
सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर निकाली गई भव्य शिव पालकी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ शहर के कोतवाली चौराहे से सिद्धेश्वर महादेव मंदिर की सुंदर और आकर्षक पालकी यात्रा निकाली थी, इस पालकी में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया और घर-घर से निकलकर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। वहीं यात्रा में शामिल उज्जैन की भस्म आरती मंडल ने विशेष धून से आरती करते हुए श्रद्धालुओं में आनंद की लहर का संचार किया। यात्रा के दौरान शहर के वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, विधायक सुदेश राय, पूर्व कलेक्टर कविन्द्र कियावत, भाजपा नेता सीताराम यादव, प्रिंस राठौर, नरेश मेवाड़ा, शंकर प्रजापति, अनिल राय, दिग्विजय मोनू, आनंद राजपूत, हरीश अग्रवाल आदि शामिल थे।


