राजेन्द्र प्रसाद पंवार का सेवानिवृत्ति समारोह भव्य और ऐतिहासिक सम्मान के साथ संपन्न
सीहोर /रेहटी
कोलार परियोजना कार्यालय में कार्यरत राजेन्द्र प्रसाद पंवार के सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर कोलार परियोजना के अनुविभागीय अधिकारी रष्टि शर्मा द्वारा उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृतिचिन्ह एवं सेवानिवृत्त पत्र प्रदान कर औपचारिक रूप से विभागीय सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
इस समारोह में उनके 39 वर्षों के सेवाकाल में निभाई गई कर्तव्यनिष्ठा, सहज व्यवहार, निर्णय क्षमता, एवं अनुकरणीय कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। राजेन्द्र प्रसाद के प्रति यह सम्मान भावनात्मक एवं प्रेरणास्पद क्षणों से परिपूर्ण रहा।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य अधिकारीगण— एस. एस. मैहर, धीरज कमठान, सनी अमरेलिया एवं उपसंभागीय लिपिक श्रीमती स्मृति वर्मा द्वारा उनके सेवा काल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली व विनम्र आचरण की सराहना की गई। सभी ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त समारोह में राजेन्द्र प्रसाद जी के परिवारजन, पुत्रगण तथा मित्रों ने उन्हें सोना, चांदी, नकद राशि, उपहार एवं फूल-मालाओं से अति सम्मानित किया। इस अवसर की गरिमा को चार चाँद तब लगे जब समारोह उपरांत उन्हें घर तक पहुँचाने के लिए एक सजीव जुलूस निकाला गया, जिसमें डीजे, पटाखे, नृत्य, फूल वर्षा आदि के माध्यम से पूरे गाँव ने उनका भव्य स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर उन्हें शाल, श्रीफल, नकद व बहुमूल्य उपहारों से सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम अपने आप में इतना भव्य, भावनात्मक एवं अपूर्व था कि इसे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त किसी कर्मचारी के प्रति सार्वजनिक स्तर पर मिला अभूतपूर्व सम्मान कहा जा सकता है। इस अवसर पर कोलार परियोजना के समस्त कर्मचारी एवं आसपास के कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कोलार परियोजना कार्यालय परिवार की ओर से हम राजेन्द्र प्रसाद पंवार जी को उनके आगामी जीवन के लिए उज्जवल, सुखमय एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामनाएँ देते हैं

