August 4, 2026

देवी धाम सलकनपुर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

0
img-20250925-wa00654859019294385856456.jpg

नवरात्रि के चौथे दिन पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां विजयासन के दर्शन

रेहटी/सीहोर
मुकेश मेहता

शारदीय नवरात्र महापर्व पर प्रदेश के प्रसिद्ध शक्ति धाम मां विजयासन देवी मंदिर सलकनपुर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मां के दरबार में श्रद्धालुओं की अपार आस्था देखने को मिली। सीढ़ी मार्ग, सड़क मार्ग और रोपवे से मां के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालु पहुंचते रहे।

आज के दिन ही पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां विजयासन देवी के दर्शन किए। इनमें सबसे अधिक संख्या पदयात्रियों की रही। हरदा, भोपाल, नर्मदापुरम, बरेली, खातेगांव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कोई नंगे पैर तो कोई लेटकर, तो कोई भजन-कीर्तन करते हुए और डीजे की धुनों पर झूमते हुए मां के दरबार तक पहुंचे।

सीढ़ी मार्ग रहा खचाखच भरा
मंदिर तक पहुंचने के लिए प्रमुख सीढ़ी मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। सभी भक्त माता रानी के जयकारों के साथ दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए।

विशेष शृंगार की रहेगी धूम
आगामी पंचमी पर मां विजयासन देवी का भव्य और विशेष शृंगार किया जाएगा। मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं आने वाले शनिवार और रविवार को भक्तों की संख्या एक लाख से भी अधिक होने का अनुमान है।

चारों दिशाओं से उमड़ा आस्था का सैलाब
नवरात्रि पर्व पर सलकनपुर धाम में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के चरणों में शीश नवाने आ रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि वाहनों का दबाव मुख्य मार्गों पर न पड़े। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, वहीं नगर पंचायत और सामाजिक संस्थाओं द्वारा निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुविधा के लिए अलग से कतार व्यवस्था की गई है। सीहोर पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है ताकि भीड़ में किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!