सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी सीहोर पुलिस, 45 पुलिसकर्मियों ने पूरा किया विशेष प्रशिक्षण
सीहोर। आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए सीहोर पुलिस द्वारा आयोजित 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम बैच सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने प्रतिभागी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 जून से 6 जून 2026 तक पुलिस नियंत्रण कक्ष सीहोर में यह विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपदा नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर पुलिस बल को दक्ष बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में आने वाली चुनौतियों, सुरक्षा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा आधुनिक पुलिसिंग के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग का लक्ष्य सिंहस्थ ड्यूटी के लिए जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को प्रशिक्षित करना है, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी परिस्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है। ऐसे आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों से सीखी गई बातों को व्यवहार में लाने और बेहतर सेवाएं देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक श्री उपेंद्र यादव, उप निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव सहित प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 45 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

