रेहटी पुलिस ने बैटरी चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
चार लाख रुपये का माल ( बैटरी )और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद

मुकेश मेहता
रेहटी पुलिस ने डम्पर और हार्वेस्टर से बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई छह बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बायां निवासी जगदीश साहू ने 4 जून को थाना रेहटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई की रात अज्ञात चोर उनके दो डम्परों से चार बैटरियां चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 288/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह ग्राम बोरी निवासी शैलेन्द्र मीणा ने भी शिकायत दर्ज कराई कि 30 मई की रात उनके हार्वेस्टर से एक्साइड कंपनी की दो बैटरियां चोरी हो गई थीं। इस संबंध में अपराध क्रमांक 289/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सचिन चौहान और शहीद मंसूरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई छह बैटरियां तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
- सचिन चौहान (28 वर्ष), निवासी ग्राम धतूरा, थाना नैनपुर, जिला मंडला, हाल निवासी मधुबन कॉलोनी, मंडीदीप, जिला रायसेन।
- शहीद मंसूरी (39 वर्ष), निवासी 610 क्वार्टर, हिनोतिया आलम, कोलार रोड, भोपाल।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, प्रधान आरक्षक महेन्द्र कुमार, आरक्षक विकास, योगेश, अभिषेक तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।