100% मूंग खरीदी की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ निकाली रैली करीब दो घंटे रहा मुख्य मार्ग जाम, मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं होने पर भोपाल जाम करने की चेतावनी
रेहटी, (मुकेश मेहता)।
100 प्रतिशत मूंग खरीदी सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को रेहटी में किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में किसानों ने विशाल आंदोलन किया। जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ रेहटी कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचे, जहां किसान सभा आयोजित कर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
सभा के बाद किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों और पैदल नगर में विशाल रैली निकाली। रैली कृषि उपज मंडी से शुरू होकर जीरो पॉइंट तक पहुंची और वहां से वापस मंडी परिसर लौटी। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
रैली के बाद किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से चर्चा की।
बाद में किसानों ने मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम बुधनी को सौंपा। प्रशासन द्वारा मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।
भोपाल जाम की चेतावनी
किसान स्वराज संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो किसान प्रदेश स्तर पर भोपाल में बड़ा आंदोलन करते हुए राजधानी को जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
किसानों की प्रमुख मांगें
प्रदेश में उत्पादित मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित की जाए।
खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था समाप्त की जाए ताकि किसानों को बिना परेशानी समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।