मालवाहक पिकअप पलटने से महिला मजदूर की मौत,30 से अधिक घायल
धान रोपाई के लिए जा रहे 40 से अधिक मजदूर हादसे का शिकार, आठ गंभीर घायलों को भोपाल रेफर
रेहटी (बुधनी)।
मुकेश मेहता
रेहटी तहसील के ग्राम भैसान के समीप सोमवार को धान रोपाई के लिए मजदूरों को ग्राम भिलाई से सलकनपुर लेकर जा रही एक मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अनीता पति पतिराम बारेला (30 वर्ष)निवासी भिलाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लड़कुई और भेरूंदा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में 40 से अधिक मजदूर सवार थे, जो धान रोपाई के कार्य के लिए भिलाई से सलकनपुर मे खेतों की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर पलट गया, जिससे चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ओवरलोड मालवाहक वाहनों पर नहीं लग रही रोक
इन दिनों चकल्दी, लाड़कुई सहित आदिवासी अंचलों से बड़ी संख्या में मजदूरों को धान रोपाई के लिए मालवाहक पिकअप वाहनों में भरकर खेतों तक ले जाया जा रहा है। नियमों के अनुसार पिकअप वाहन माल ढुलाई के लिए होते हैं, लेकिन इनमें क्षमता से कई गुना अधिक मजदूरों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर मालवाहक वाहनों में मजदूरों के असुरक्षित परिवहन और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ओवरलोड और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर समय रहते सख्ती की जाती, तो संभवतः इस दर्दनाक हादसे से बचा जा सकता था।