कलेक्टर-एसपी ने नगर में जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकासी की व्यवस्था करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने नागरिकों से घर पर रहने की अपील की
जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के अनेक जलभराव वाले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जलभराव हो रहा है। साथ ही पुल, पोलियो, रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से अनेक जमग्नीय पुल, पुलियों एवं रपटों वाले मार्गों को बंद कर दिया गया है।

कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर एवं एसपी मयंक अवस्थी ने सीहोर के गणेश मंदिर पुल, स्वदेश नगर एवं अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, रोज़गार सहायक एवं कोटवार अपने ग्रामों में रहने एवं लगातार मुनादी कराने तथा किसी भी जल भराव, पुल पुलिया के ऊपर से पानी गुज़रने या बारिश के कारण अप्रिय स्थिति निर्मित होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से घर पर रहने की अपील
कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही वर्षा के कारण जिन पुल, पुलियो, रपटों के ऊपर से पानी बह रहा हो, उन्हें पैदल या वाहनों से पार नहीं करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले तथा उन मार्गों से नहीं जाएं जिन मार्गों की नदी नालों पर बने पुलों पर पानी होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से बंद किया गया है। आवश्यक होने पर आवागमन के लिए सुरक्षित मार्गों का उपयोग करें।
