मध्यप्रदेश माटी कला बोर्ड ने दिया 15 दिवसीय प्रशिक्षण
सीहोर। खादी ग्रामोद्योग केंद्र भोपाल एवं मध्यप्रदेश माटी कला बोर्ड द्वारा 15 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन राजधानी भोपाल के गोर महल मे हुआ। इस मौके पर जिले के चार सदस्यों ने लगातार एक पखवाड़े तक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष विष्णु सम्राट प्रजापति ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग केंद्र भोपाल एवं मध्यप्रदेश माटी कला बोर्ड के तत्वाधान में 15 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था। जिसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के 22 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया जिसमें सभी को 15 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए सभी 22 सदस्यों को चाक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि यहां पर प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण की आवश्यकता एवं उसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के चार सदस्य जिसमें नितेश प्रजापति बरखेड़ा हसन, सुनील प्रजापति थूना पचामा, मुकेश प्रजापति पाटन श्यामपुर और बनपसिंह प्रजापति आमला इछावर शामिल थे। उन्होंने बताया कि 15 दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चारों सदस्यों के द्वारा पूरे जिले में समाज के लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और योजनाओं संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। बोर्ड द्वारा ग्रामीण अंचल में माटी कला के माध्यम से रोजगार करने वाले शिल्पियों को व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान कराने की योजना माटी कला बोर्ड द्वारा बनाई गई है। प्रशिक्षण के दौरान कारीगरों द्वारा उत्पादित माल को एक्सपो के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कुटीर एवं खादी ग्राम उद्योग विभाग द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिल्पियों को रोजगार योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता और उपकरण भी उपलब्ध कराएं जा रहे हैं।
